सरायपाली : शिक्षकों के सम्मान से महका विद्यालय परिसर
उच्च प्राथमिक शाला सिरबोड़ा में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन अभिमन्यु नैरोजी, नलसाय सिदार एवं विद्यालय के समस्त शिक्षकों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गुरुजनों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, शायरी, कविता एवं भाषण प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में गुरु के प्रति श्रद्धा और सम्मान की भावना दिखाई दी। समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने अपने विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के शिक्षक हीरालाल साहू, धर्मेंद्रनाथ राणा, दिनेश कश्यप, क्षीरोद्र चौधरी, अनिता साहू एवं महेश कुमार साहू का विद्यार्थियों द्वारा सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में विद्यार्थियों ने महेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह का संचालन कु. पलक प्रधान एवं प्रतिज्ञा दास ने किया।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। विद्यार्थियों द्वारा अपने शिक्षकों के प्रति व्यक्त सम्मान ने गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को जीवंत करते हुए शिक्षक दिवस के महत्व को सार्थक किया।