बुलेट पर सवार होकर गरियाबंद पहुंचे आचार्य युवराज पांडे, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा शहर
गरियाबंद : प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य पं. युवराज पांडे गरियाबंद पहुंचे, जहां भूतेश्वरनाथ चौक पर श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। आचार्य पांडे के पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर माला पहनाई और पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष से गूंज उठा।
स्वागत के बाद आचार्य पं. युवराज पांडे ने खुद बुलेट की कमान संभाली और सैकड़ों श्रद्धालुओं के काफिले के साथ भूतेश्वरनाथ मंदिर के लिए रवाना हुए। बुलेट पर सवार आचार्य का यह अंदाज लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहा।
मंदिर पहुंचकर आचार्य युवराज पांडे ने विधि-विधान से भगवान भूतेश्वरनाथ का दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं की शिव भक्ति देखने को मिली।