रायगढ़ : स्मार्ट मीटर के बीच रोजगार संकट, मीटर रीडरों ने उठा... - CG Sandesh

रायगढ़ : स्मार्ट मीटर के बीच रोजगार संकट, मीटर रीडरों ने उठाई रोजगार संरक्षण की मांग

छत्तीसगढ़ विद्युत मीटर रीडर श्रमिक संघ ने स्मार्ट मीटर, प्रीपेड मीटर और ऑटो पंचिंग व्यवस्था के चलते रोजगार संकट का सामना कर रहे मीटर रीडरों के रोजगार संरक्षण की मांग उठाई है। इसी मांग को लेकर संघ की ओर से रायगढ़ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

संघ का कहना है कि मीटर रीडर लंबे समय से विद्युत विभाग की बिलिंग और फील्ड व्यवस्था में सेवाएं देते आ रहे हैं और उन्हें विभागीय कार्यों का व्यावहारिक अनुभव है। वर्तमान में भी मीटर रीडरों से KYC, बिलिंग समेत कई विभागीय कार्य कराए जा रहे हैं। ऐसे में तकनीकी व्यवस्था में बदलाव के कारण अनुभवी कर्मचारियों को बेरोजगार करने के बजाय उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर अन्य उपयुक्त कार्यों में समायोजित किया जाना चाहिए।

ज्ञापन में जिले में कार्यरत मीटर रीडरों की जानकारी जुटाने के साथ KYC, स्मार्ट मीटर से जुड़े फील्ड कार्य, मीटर सत्यापन, उपभोक्ता सर्वे, डाटा सत्यापन, शिकायत निराकरण और कनेक्शन सत्यापन जैसे कार्यों में उनकी सेवाएं लेने की मांग की गई है। साथ ही मामले को CSPDCL और ऊर्जा विभाग को भेजकर ठोस निर्णय लेने की अनुशंसा करने तथा अंतिम निर्णय होने तक मीटर रीडरों से विभागीय कार्य जारी रखने की मांग रखी गई।

संघ ने बताया कि प्रदेशभर में रोजगार संरक्षण अभियान के तहत सभी 33 जिला कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपा गया है। संघ के अनुसार कई मीटर रीडर 40 से 50 वर्ष की आयु के हैं और उनके पास 10 से 15 वर्षों का अनुभव है। ऐसे में उनकी उम्र और लंबे अनुभव को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर विभागीय कार्यों में समायोजन किया जाना चाहिए।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें