गणपति के स्वागत को सजा रायगढ़, बाजारों में बढ़ी रौनक
रायगढ़ : गणेश चतुर्थी को लेकर शहर सहित जिलेभर में उत्साह का माहौल है। घरों और सार्वजनिक पंडालों में गणपति स्थापना की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में गणेश प्रतिमाओं की दुकानें सज गई हैं, जहां श्रद्धालु अपनी पसंद की प्रतिमाएं खरीदने पहुंच रहे हैं।
बाजार में छोटे से लेकर बड़े आकार और अलग-अलग आकर्षक स्वरूपों में गणेश प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। त्योहार नजदीक आते ही मूर्तिकारों के काम में भी तेजी आ गई है। शहर के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी लोग प्रतिमाएं खरीदने पहुंच रहे हैं।
इंदिरा नगर निवासी मूर्तिकार सामेन डोलाई ने बताया कि वे लंबे समय से गणेश प्रतिमा बनाने का काम कर रहे हैं। प्रतिमाओं के निर्माण के लिए मिट्टी कलकत्ता से मंगाई जाती है। इस बार पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ऐसे रंगों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो पानी में आसानी से घुल सकें और पर्यावरण को कम नुकसान पहुंचाएं।
वहीं बोरा गोदाम जूटमिल क्षेत्र के मूर्तिकार पाल ने बताया कि उनका पूरा परिवार कई वर्षों से प्रतिमा निर्माण के काम से जुड़ा है। इस साल भी कई प्रतिमाएं पहले से ऑर्डर पर तैयार की जा चुकी हैं। रायगढ़ शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी उनकी प्रतिमाओं की मांग है।
इधर, शहर के विभिन्न इलाकों में गणेश पंडालों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बाजार में पूजा सामग्री और सजावटी सामानों की खरीदारी भी बढ़ गई है। गणपति बप्पा के स्वागत को लेकर पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल नजर आ रहा है।