सरायपाली : शासकीय प्राथमिक शाला जोगीदादर में विदाई समारोह सं... - CG Sandesh

सरायपाली : शासकीय प्राथमिक शाला जोगीदादर में विदाई समारोह संपन्न, शिक्षक नारायण प्रसाद गढ़तिया का हुआ भव्य सम्मान

विकासखण्ड सरायपाली के शासकीय प्राथमिक शाला जोगीदादर में 16 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएँ देने वाले सहायक शिक्षक नारायण प्रसाद गढ़तिया जी के स्थानांतरण पर 12 सितंबर 2026 को एक भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वयं विदा होने वाले लोकप्रिय शिक्षक नारायण प्रसाद गढ़तिया एवं उनका पूरा परिवार रहे ।
ज्ञात हो कि नारायण प्रसाद गढ़तिया ने शासकीय प्राथमिक शाला जोगीदादर में 12 जनवरी 2009 से 03 जून 2025 तक अपनी शानदार सेवाएँ दीं और युक्तियुक्तिकरण के तहत 03 जून 2025 को स्थानांतरित होकर प्राथमिक शाला पलसाभाड़ी में कार्यरत हैं।

माँ सरस्वती के पूजन अर्चन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। 

विद्यालय के स्टाफ, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने गढ़तिया सर एवं उनके पूरे परिवार पर फ़ूलों की वर्षा करते हुए स्वागत किया । विद्यालय के प्रधान पाठक विजय कुमार भवसागर ने गढ़तिया सर एवं उपस्थित ग्रामीणों का स्वागत किया ।

उपस्थित ग्रामीणों एवं संकुल के शिक्षकों ने गढ़तिया सर के शिक्षण शैली, व्यवहार, व्यक्तित्व एवं स्कूल के विकास और बच्चों के भविष्य को संवारने में उनके इस लंबे योगदान को याद किया और उनके कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार की प्रशंसा करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय में पदस्थ सहायक शिक्षक केशव प्रसाद साहू ने गढ़तिया सर के साथ बिताए शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत यादों को साझा करते हुए गढ़तिया सर के बच्चों के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा तथा व्यवहार की भूरि भूरि प्रशंसा की।

गढ़तिया सर ने भी गाँव और विद्यालय में बिताए पल को याद किया और भावुक हो गए, उन्होंने ग्रामीणों से मिले अपार प्रेम और सम्मान के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय पल बताया ।

कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, भूतपूर्व छात्र - छात्राओं, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों ने अपने प्रिय शिक्षक नारायण प्रसाद गढ़तिया को शॉल, श्रीफल, गमछा, चांदी की चेन, उनके परिवार के लिए साड़ी एवं विभिन्न वस्त्र, फोटो कोलाज़ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस कार्यक्रम में बच्चों ने विभिन्न साँस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दीं और सत्र 2025 - 26 में विद्यालय से उत्तीर्ण कक्षा पाँचवीं के बच्चों को भी विदाई दी गई।

साथ ही विद्यालय की ओर से गाँव के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। कक्षा पाँचवीं में मुस्कान पाण्डे , आठवीं में लता बरिहा , दसवीं में सानिया बरिहा और लीला पटेल , बारहवीं में वर्षा पटेल एवं प्रयास आवासीय विद्यालय में चयनित उमाभारती बरिहा और लता बरिहा को विद्यालय की ओर से मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया और साँस्कृतिक कार्यक्रम देने वाले सभी बच्चों को मेडल भेंट किया गया ।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधान पाठक विजय कुमार भवसागर, शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सावित्री साहू, उपाध्यक्ष अंजना बरिहा, पंच पवन बरिहा एवं बिहारी पाण्डे, ग्रामीण गजानन्द पटेल तथा समस्त ग्रामीणों का विशेष सहयोग एवं संकुल केन्द्र कलेण्डा (सिंघोड़ा) के सभी शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन शिक्षक गुणवंत भोई एवं मंच संचालन शिक्षक केशव प्रसाद साहू ने किया।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें