महासमुंद : झोपड़ी में छिपाकर रखी महुआ शराब बरामद
महासमुंद पुलिस ने ग्राम बनसिवनी में सड़क किनारे स्थित एक झोपड़ी में दबिश देकर 6 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब बरामद की है. मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बनसिवनी गांव में रोड किनारे एक झोपड़ी के पास रोहित बंजारे नाम का व्यक्ति अवैध महुआ शराब बेचने के उद्देश्य से छिपाकर रखे हुए है.
सूचना पर पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया, पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम रोहित बंजारे (45 वर्ष), पिता सेवाराम बंजारे, निवासी ग्राम बनसिवनी (थाना व जिला महासमुंद) बताया. जिसने मौके पर रखे प्लास्टिक के जरीकेनों के संबंध में पूछताछ करने पर हाथ भट्टी महुआ शराब बिक्री हेतु रखना स्वीकार किया.
पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद एक सफेद झोले की तलाशी ली, जिसमें 5-5 लीटर क्षमता वाले दो पीले प्लास्टिक जरीकेन रखे मिले, एक जरीकेन में 5 लीटर और दूसरे में 1 लीटर (कुल 6 लीटर) महुआ शराब भरी थी, जिसकी अनुमानित कीमत 1,200 रुपये आंकी गई.
मामले में आरोपी पर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है.