सिंघोड़ा : बेटी को हॉस्टल छोड़कर लौट रहे पिता का छुईपाली के पास हुआ एक्सीडेंट, सिर पर गंभीर चोट लगने से अस्पताल में हुई मृत्यु
अपनी बेटी को सरायपाली स्थित गर्ल्स हॉस्टल छोड़कर घर लौट रहे एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में सिर पर आई गंभीर चोट के कारण इलाज के दौरान रायपुर के अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई. मामले की विस्तृत मर्ग जांच के बाद सिंघोड़ा थाना पुलिस ने मृतक बाइक चालक के खिलाफ ही लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत के लिए धारा 304(A) IPC के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम डोंगररक्शा (थाना सिंघोड़ा) निवासी बिरंची चौहान (50 वर्ष), पिता स्व. सामिल चौहान, 16 अगस्त 2022 की सुबह करीब 11:00 बजे अपनी मोटरसाइकिल (CD Deluxe, CG 04 MD 3721) से अपनी छोटी बेटी अनीता चौहान को सरायपाली गर्ल्स हॉस्टल छोड़ने गए थे. बेटी को छोड़कर अकेले वापस अपने गांव डोंगररक्शा लौटते समय, जैसे ही वे छुईपाली बटकी चौक के पास पहुंचे, उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर गिर गई.
दुर्घटना में बिरंची चौहान के सिर पर गंभीर चोटें आईं, घटना के तुरंत बाद आपातकालीन सेवा 'डायल 112' की टीम ने उन्हें प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सरायपाली पहुंचाया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद वे घर आ गए थे. हालांकि, सिर की चोट के कारण 21 अगस्त 2022 को स्वास्थ्य ज्यादा बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें श्री बालाजी अस्पताल (मोवा, रायपुर) में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान 25 अगस्त 2022 की रात 10:10 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना के संबंध में रायपुर के पंडरी थाने में कायम शून्य पर मर्ग डायरी प्राप्त होने पर सिंघोड़ा थाने में असल मर्ग कायम कर जांच की गई. मर्ग इंटीमेशन, पीएम रिपोर्ट, घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के बयानों के आधार पर यह पाया गया कि हादसा चालक की खुद की बाइक अनियंत्रित होने के कारण हुआ था. मर्ग जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मृतक चालक के विरुद्ध धारा 304(A) भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है.