सिंघोड़ा : अज्ञात बाइक चालक की ठोकर से मौत, पुलिस ने दर्ज किया मामला
सिंघोड़ा से अपने गांव लौट रहे एक 33 वर्षीय युवक की मोटरसाइकिल को सामने से आ रही अज्ञात बाइक के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सीधी टक्कर मार दी. हादसे में सिर पर आई गंभीर चोट के कारण रायपुर के डीकेएस अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई. मर्ग जांच रिपोर्ट के आधार पर सिंघोड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ धारा 304(A) IPC के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दीवानपाली (थाना सिंघोड़ा) निवासी राजेंद्र नायक (33 वर्ष), पिता चूणामणि नायक, 31 जुलाई 2020 को सिंघोड़ा से अपनी मोटरसाइकिल (Hero Passion/Glamour, CG 06 GF 1635) पर सवार होकर वापस अपने घर दीवानपाली जा रहे थे. जैसे ही वे दीवानपाली पुल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात मोटरसाइकिल के चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार ठोकर मार दी.
दुर्घटना में राजेंद्र नायक के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, परिजनों ने उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सरायपाली में भर्ती कराया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेकाहारा अस्पताल रायपुर और बाद में डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रायपुर रेफर किया गया.
वहां इलाज के दौरान 6 अगस्त 2020 की दोपहर 3:30 बजे राजेंद्र नायक की मृत्यु हो गई. घटना के संबंध में रायपुर के गोलबाजार थाने में कायम शून्य मर्ग डायरी प्राप्त होने पर सिंघोड़ा थाने में असल मर्ग कायम कर विस्तृत जांच की गई. पीएम रिपोर्ट, घटनास्थल निरीक्षण और परिजनों व गवाहों के बयानों से यह स्पष्ट हुआ कि दुर्घटना अज्ञात बाइक चालक की लापरवाही के कारण हुई थी.
मर्ग जांच पूरी होने पर सिंघोड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ धारा 304(A) भादवि के तहत मामला दर्ज कर आरोपी चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है.