बागबाहरा : जियो कर्मी को घेरकर बदमाशों ने दिखाई चाकू, 28 हजा... - CG Sandesh

बागबाहरा : जियो कर्मी को घेरकर बदमाशों ने दिखाई चाकू, 28 हजार का फोन लूटकर हुए फरार

बागबाहरा के ग्राम घुंचापाली में मोबाइल टावर का मेंटेनेंस काम निपटाकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे एक जियो तकनीशियन को कृषि उपज मंडी के पास 7-8 अज्ञात बदमाशों ने घेर लिया और, चाकू दिखाकर और मारपीट करते हुए पीड़ित से 28 हजार रुपये का स्मार्टफोन और नकदी लूट ली. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार,  मेहंदा थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा निवासी दिनेश कुमार सूर्यवंशी उम्र 24 वर्ष, वर्तमान में बागबाहरा के झलप चौक स्थित महावीर कॉम्प्लेक्स में रहकर पिछले 6 महीनों से जियो कंपनी में आरबी तकनीशियन के रूप में कार्यरत हैं. जो 15 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 02:30 बजे ग्राम घुंचापाली स्थित जियो टावर की चेकिंग और पीएम-टीटी का काम पूरा करने के बाद अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BP 0890 से बागबाहरा लौट रहे थे.

इसी दौरान जैसे ही दिनेश कृषि उपज मंडी के आगे बरगद के पेड़ के पास पहुंचे, तभी सड़क किनारे मौजूद 07 से 08 अज्ञात बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल को जबरन रुकवा लिया. बदमाशों ने पीड़ित को घेरकर चाकू दिखाया और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद आरोपियों ने उनकी पैंट की जेब में रखा RealMe Y15 5G मोबाइल फोन अनुमानित कीमत ₹28,000 तथा जेब में रखे ₹200 नकद जबरन लूट लिए.

वहीं लूटपाट का विरोध करने पर सभी बदमाशों ने पीड़ित को पकड़कर हाथ-मुक्कों से पीटा, जिससे उनके नाक और मुंह पर गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा, बदमाशों ने जल्दी भागो, नहीं तो मार देंगे कहकर उन्हें वहां से खदेड़ा, जिसके बाद दिनेश किसी तरह मोटरसाइकिल से जान बचाकर भागा और थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई.

जिसपर पुलिस ने अज्ञात 7-8 आरोपियों के विरुद्ध BNS की धारा 310(2), 126(1) तथा आर्म्स एक्ट  की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें