महासमुंद : बिना संकेतक के खड़ी पिकअप से टकराकर 21 वर्षीय युवक की मौत
महासमुंद राष्ट्रीय राजमार्ग 353 NH-353 बेलसोंडा पर स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे बिना किसी संकेतक के खड़ी पिकअप गाड़ी और उससे बाहर निकले लोहे के एंगल से टकराकर एक बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद पिकअप चालक की लापरवाही पाए जाने पर उसके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तरपोंगी थाना खल्लारी, जिला महासमुंद निवासी गुलशन निषाद उम्र 21 वर्ष, पिता गणेशू निषाद, 24 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 04:00 बजे अपनी एसपी शाइन मोटरसाइकिल से ग्राम तरपोंगी से ग्राम बेनीडीह (आरंग) जा रहे थे. रास्ते में NH-353 रोड पर बेलसोंडा पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर सड़क किनारे खड़ी पिकअप टाटा योद्धा (क्रमांक CG 04 PS 6163) से उनकी बाइक टकरा गई.
पुलिस ने जाँच में पाया कि पिकअप चालक ने अपनी गाड़ी को बिना किसी सुरक्षा संकेतक या रेड रिफ्लेक्टर के सड़क पर खड़ा कर रखा था, जहाँ पिकअप में लोहे के एंगल व अन्य सामान लोड थे, जो वाहन से करीब 3 से 4 फीट बाहर निकले हुए थे. और संकेतक न होने के कारण मोटरसाइकिल सवार गुलशन निषाद सीधे पिकअप से बाहर निकले लोहे के रॉड/एंगल से जा टकराए, जिससे उनके सिर पर बेहद गंभीर चोट आई.
हादसे के तुरंत बाद डायल 112 की टीम द्वारा गंभीर रूप से घायल युवक को शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद ले जाया गया, जहां डॉक्टर करुणा आवडे ने शाम 04:50 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया.
वहीँ मामले की जांच में पिकअप टाटा योद्धा CG 04 PS 6163 के चालक की लापरवाही सिद्ध होने पर आरोपी चालक के विरुद्ध BNS की धारा 106(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 194(1-ए) के तहत अपराध दर्ज कर दिया गया.