“मैं चाहता हूँ कि दर्शक राजा जरासंध को उसकी शक्ति और ताकत से आगे भी देखें”: आभास मेहता, हस्तिनापुर के वीर, सोनी सब
मुंबई, सितम्बर 2026: सोनी सब का हस्तिनापुर के वीर दर्शकों को महाभारत की घटनाओं से पहले की दुनिया में ले जाता है, जहाँ उन कहानियों, रिश्तों और महत्वाकांक्षाओं को प्रदर्शित किया जाता है, जिन्होंने इस महाकाव्य को आकार दिया। इस शक्तिशाली दुनिया में अभिनेता आभास मेहता राजा जरासंध का किरदार निभा रहे हैं, जो अपनी अपार शक्ति, सामर्थ्य और बुद्धिमत्ता के लिए जाने जाते हैं।
एक विशेष बातचीत के दौरान आभास मेहता ने पौराणिक कथाओं की दुनिया में कदम रखने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जरासंध का किरदार निभाना उनके लिए क्यों रोमांचक है, किस तरह उनका लुक उन्हें इस शक्तिशाली राजा में ढलने में मदद करता है, सेट पर युवा कलाकारों के साथ उनका रिश्ता कैसा है और दर्शक जरासंध की यात्रा से क्या सीख सकते हैं।
1. 'हस्तिनापुर के वीर' में जरासंध का दमदार किरदार निभाने में आपको सबसे ज़्यादा क्या दिलचस्प लगा?
मेरे लिए जरासंध का किरदार निभाने में सबसे ज़्यादा दिलचस्प बात उसकी अपार शक्ति और इस महाकाव्य में उसका महत्वपूर्ण स्थान है। महाभारत से जुड़ी किसी कहानी का हिस्सा बनना मेरे लिए एक विशेष अवसर है। जरासंध अपनी ताकत और शक्ति के लिए जाने जाते हैं, इसलिए ऐसे किरदार को निभाना मेरे लिए बहुत कुछ खोजने और समझने का मौका देता है।
2. 'हस्तिनापुर के वीर' महाभारत से पहले की कहानी को प्रदर्शित करती है। इससे आपको जरासंध का किरदार निभाने का एक अलग मौका कैसे मिलता है?
मेरे लिए इस शो को बेहद दिलचस्प बनाने वाली बात यही है कि यह हमें महाभारत से पहले के समय में ले जाता है। इससे दर्शक इन किरदारों को एक अलग दृष्टिकोण से देख पाते हैं। मुझे भी यह अवसर मिलता है कि मैं जरासंध को उस रूप में दिखा सकूँ, जो लोग पहले से नहीं जानते और उनकी यात्रा को और गहराई से समझा सकूँ।
3. जरासंध अपनी ताकत और शक्ति के लिए जाने जाते हैं। दर्शक उनके किरदार के किन अलग-अलग पहलुओं को देख पाएँगे?
जरासंध अपनी शक्ति और ताकत के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उनका एक और पहलू है जो मुझे बेहद दिलचस्प लगता है- उनकी बुद्धि। वे सिर्फ एक मज़बूत राजा ही नहीं हैं, बल्कि ऐसे व्यक्ति भी हैं, जो चीज़ों को समझते हैं और सोच-समझकर कदम उठाते हैं। मुझे लगता है कि दर्शक देख पाएँगे कि जरासंध एक ऐसा किरदार है, जिसमें शक्ति और बुद्धि दोनों हैं और यही उन्हें और भी रोचक बनाता है।
4. पौराणिक किरदारों को अक्सर किसी एक खास खूबी के लिए याद किया जाता है। आपको क्या लगता है कि जरासंध के तौर पर आपकी भूमिका को क्या खास बनाएगा?
मैं जरासंध को उस तरह दिखाना चाहता हूँ, जो सामान्य पौराणिक किरदारों, खासकर विरोधी पात्रों, से अलग हो। हस्तिनापुर के वीर हर किरदार के मानवीय पहलू और उनके फैसलों के पीछे की वजहों को सामने लाता है। हर इंसान की अलग भावनाएँ और कारण होते हैं और मैं चाहता हूँ कि दर्शक मेरे जरासंध के अभिनय में वही मानवीय पक्ष देख सकें।
5. जरासंध का लुक आपको उस किरदार में ढलने में कैसे मदद करता है?
जरासंध का लुक मुझे बहुत मदद करता है, क्योंकि जैसे ही मैं कॉस्ट्यूम, गहने और मेकअप पहनता हूँ, मुझे लगता है कि मैं जरासंध बन गया हूँ। मेरे लिए किरदार में ढलने का यह एक बेहद अहम् हिस्सा है। जरासंध का लुक बहुत अनोखा और आकर्षक है। उनके बाल, कॉस्ट्यूम, मेकअप और प्रॉप्स उनकी मज़बूत शख्सियत को दर्शाते हैं। यह मुझे अपने बॉडी लैंग्वेज, हावभाव और यहाँ तक कि सीन को सोचने के तरीके को भी बदलने में मदद करता है।
6. हो सकता है कि आपने युवा कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर न की हो, लेकिन बच्चों के साथ आपका ऑफ-स्क्रीन बॉन्ड कैसा रहा है?
हालाँकि, मैं युवा कलाकारों के साथ स्क्रीन पर काम नहीं करता, लेकिन ऑफ-स्क्रीन मेरी उनसे बहुत अच्छी बातचीत हुई है। वे सभी बेहद ऊर्जावान हैं और उनके साथ रहना मज़ेदार होता है। यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि बच्चे इतने उत्साहित हैं, सीखने के लिए तत्पर हैं और प्रदर्शन करते समय अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं।
7. आज के दर्शक जरासंध की यात्रा से क्या सीख सकते हैं?
मुझे लगता है कि जरासंध की यात्रा हमें यह सिखाती है कि शक्ति का इस्तेमाल बहुत सावधानी से करना चाहिए। चाहे कोई कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, यदि उस शक्ति का सही उपयोग न किया जाए, तो उसका बड़ा पतन हो सकता है। हस्तिनापुर के वीर यह दिखाता है कि सही मूल्यों और मार्गदर्शन के साथ लोगों को संवारना कितना ज़रूरी है, क्योंकि शक्ति यदि सही दिशा में न दी जाए तो वह विनाशकारी भी हो सकती है, चाहे वह कितनी ही महान क्यों न हो। यह बताता है कि शक्ति होना एक बात है, लेकिन उसे सही तरीके से इस्तेमाल करना उतना ही महत्वपूर्ण है।
देखना न भूलें हस्तिनापुर के वीर, सोमवार से शनिवार रात 9:00 बजे सिर्फ सोनी सब पर।