सरायपाली : चरित्र पर शंका कर पत्नी से मारपीट, मामला दर्ज
सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरीपाली में घरेलू हिंसा और पत्नी के चरित्र पर बेबुनियाद शंका कर मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम डोंगरीपाली निवासी मोनिका कत्थाकार का विवाह 13 वर्ष पूर्व सामाजिक रीति-रिवाज से अंजोर सिंह कत्थाकार के साथ हुआ था, जिनसे उनके दो बच्चे हैं. पीड़िता का आरोप है कि उसका पति आए दिन शराब पीकर उसके चरित्र पर शंका करता है और मारपीट करता है. तथा 16 सितंबर 2026 की शाम करीब 07:00 बजे जब पीड़िता गांव के रंगमंच के पास गणेश पूजा कर घर लौटी, तो आरोपी पति ने उस पर अनर्गल आरोप लगाते हुए मां-बहन की अश्लील गालियां देनी शुरू कर दीं.
गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी अंजोर सिंह ने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में पीड़िता के दोनों गाल, पीठ और गले में गंभीर चोटें आईं. महिला द्वारा चीखने-पुकारने बचाओ-बचाओ की आवाज लगाने पर उसके ससुर विद्याधर कत्थाकार और देवर अजय कत्थाकार ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और मामला शांत कराया.
घटना के बाद मामले की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति अंजोर सिंह कत्थाकार के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296 और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.