CG : शराब के नशे में छात्राओं से दुर्व्यवहार व मारपीट का आरो... - CG Sandesh

CG : शराब के नशे में छात्राओं से दुर्व्यवहार व मारपीट का आरोप, मीडियाकर्मियों से प्राचार्य ने की बदसलूकी

जिला मुख्यालय स्थित पंडित चक्रपाणी बहुउद्देशीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय (सेजेस) में शिक्षक द्वारा शराब के नशे में छात्राओं से दुर्व्यवहार व मारपीट और मीडियाकर्मियों के साथ प्राचार्य की बदसलूकी को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों की टीम जांच के लिए स्कूल पहुंची। वहीं, मीडियाकर्मियों के साथ हुए दुर्व्यवहार और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पत्रकारों व एनएसयूआई ने स्कूल के बाहर करीब 4 घंटे तक उग्र प्रदर्शन किया। देर शाम जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से लिखित आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, जिसमें प्रभारी प्राचार्य को पद से हटाने का निर्णय लिया गया है।

शिक्षक पर नशे में छात्राओं से गाली-गलौज और मारपीट का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार (17 सितंबर 2026) को स्कूल के शिक्षक नरेश तिवारी के कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने की बात सामने आई। आरोप है कि उन्होंने कक्षा में छात्राओं के साथ अश्लील गाली-गलौज की। जब छात्राओं ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया और शिक्षक ने उनके साथ मारपीट की। घटना से आक्रोषित छात्राएं और अन्य विद्यार्थी तत्काल शिकायत लेकर प्रभारी प्राचार्य वंदनी श्रीवास्तव के पास पहुंचे, लेकिन प्रबंधन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप है।

कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को प्राचार्य ने कक्ष से निकाला

घटना की सूचना मिलने पर जब मीडियाकर्मी कवरेज के लिए स्कूल पहुंचे, तो प्रभारी प्राचार्य वंदनी श्रीवास्तव के रवैये को लेकर विवाद और गहरा गया। पत्रकारों का आरोप है कि प्राचार्य ने उनसे अभद्रता करते हुए कक्ष से बाहर निकाल दिया और कहा कि "स्कूल परिसर में मीडिया का प्रवेश प्रतिबंधित है।" जब पत्रकारों ने इस संबंध में सक्षम अधिकारी का लिखित आदेश मांगा, तो प्राचार्य कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं, जिससे मौके पर तीखी बहस हो गई।

कलेक्टर के निर्देश पर पहुंची जांच टीम, पत्रकारों का 4 घंटे चला प्रदर्शन

विवाद की सूचना मिलते ही कलेक्टर के निर्देश पर प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और तहसीलदार की संयुक्त टीम जांच के लिए स्कूल पहुंची। दूसरी ओर, प्राचार्य के रवैये और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर पत्रकारों ने शाम 4 बजे स्कूल के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो रात 8 बजे तक चला। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों सहित कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मामले से अवगत कराया।

शिक्षा विभाग ने दिया लिखित आश्वासन, प्राचार्य प्रभारमुक्त

प्रदर्शन के दबाव और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद 17 सितंबर 2026 की देर शाम शिक्षा विभाग की ओर से सहायक संचालक के.एस. मेरावी द्वारा हस्ताक्षरित लिखित आश्वासन पत्र जारी किया गया। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संस्था की प्रभारी प्राचार्य वंदनी श्रीवास्तव को उनकी कार्य अक्षमता के कारण प्रभार से मुक्त किया जाएगा और स्कूल के वरिष्ठ व्याख्याता को प्रभार सौंपा जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी के अवकाश से लौटते ही 18 सितंबर 2026 को इसका औपचारिक आदेश जारी कर दिया जाएगा।

प्रशासनिक जांच जारी, रिपोर्ट के बाद होगी कठोर कार्रवाई

फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों की टीम द्वारा विद्यार्थियों, स्कूल स्टाफ और आरोपी शिक्षक के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि शिक्षक के नशे में होने और छात्राओं से मारपीट के आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें