महासमुंद : दो घरों में अवैध शराब की रेड कार्रवाई, 78 पौवा अवैध शराब के साथ 2 गिरफ्तार.
महासमुंद पुलिस ने ग्राम बेलसोंडा में अवैध शराब के के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों पर रेड कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 78 पौवा देसी मसाला शराब जब्त की है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹7,800 है. दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है.
मुकेश पारधी के घर से 35 पौवा शराब जब्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को महासमुंद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बेलसोंडा के पारधी पारा वार्ड नंबर 2, स्टेशन पारा निवासी मुकेश पारधी अपने घर में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर रखा है, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहाँ घर की तलाशी लेने पर एक प्लास्टिक बोरी से 35 पौवा 6,300 एमएल देसी मसाला शराब कीमत ₹3,500 बरामद हुई. जिसपर आरोपी मुकेश पारधी 28 वर्ष पिता प्रहलाद पारधी को गिरफ्तार कर लिया गया.
टीकाराम पारधी के मकान आंगन से 43 पौवा शराब बरामद
इसी दौरान एक अन्य मुखबिर सूचना पर ग्राम बेलसोंडा के वार्ड नंबर 3 में दबिश दी, जहाँ आरोपी टीकाराम पारधी 35 वर्ष, पिता हिंछाराम के मकान के आंगन की तलाशी लेने पर एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में रखी 43 पौवा 7,740 एमएल देसी मसाला शराब कीमत ₹4,300 पाई गई. पुलिस ने मौके पर शराब को सीलबंद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया.