महासमुंद : पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम से प्रतीक पदमवार ने स्थापित किया स्टोन कटिंग एवं पॉलिशिंग बिजनेस
प्रतीक बताते हैं कि वे लंबे समय से अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के बारे में सोच रहे थे। ग्राम घोड़ारी में पहले से संचालित स्टोन कटिंग एवं पॉलिशिंग उद्योगों को देखकर उन्हें इस क्षेत्र में व्यवसाय की संभावनाओं की जानकारी मिली और उन्होंने स्वयं का उद्योग शुरू करने का निर्णय लिया। अपने इस सपने को साकार करने के लिए उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, महासमुंद से संपर्क किया। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रबंधक द्वारा उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। योजना के तहत मिलने वाली सहायता, ऋण सुविधा और उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को समझने के बाद श्री प्रतीक ने विभागीय मार्गदर्शन एवं सहयोग से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा आवेदन का परीक्षण कर ऋण स्वीकृति के लिए भारतीय स्टेट बैंक, मेन ब्रांच महासमुंद को प्रेषित किया गया।
बैंक द्वारा प्रतीक के उद्योग के लिए 25 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। ऋण स्वीकृति के बाद उन्होंने आवश्यक मशीनों की स्थापना एवं इंस्टालेशन का कार्य पूरा कर स्टोन कटिंग एवं पॉलिशिंग का उत्पादन शुरू किया। आधुनिक मशीनों के माध्यम से स्थापित उनका उद्योग अब नियमित रूप से संचालित हो रहा है और व्यवसाय को आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। श्री प्रतीक कहते हैं कि आज मेरा अपना उद्योग स्थापित हो चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना ने एक शिक्षित बेरोजगार युवा के सपने को साकार किया है। योजना और विभागीय मार्गदर्शन से उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिला, जिससे वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ 06 परिवारों को भी रोजगार उपलब्ध करा पा रहे हैं।