तेंदूकोना : ईलाज का खर्चा पर राजीनामे होने के बाद नहीं लिखी थी रिपोर्ट, मौत के बाद पुलिस अधीक्षक से शिकायत पर मामला दर्ज
तेंदूकोना थाना क्षेत्र के बुंदेली चौकी अंतर्गत ग्राम डोंगाझर चुर्रूपाली रोड में ईको कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
घटना के आठ महीने बाद, इलाज का खर्च देने के वादे से आरोपी के मुकर जाने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई थी, जांच के बाद तेंदूकोना पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ अपराध कायम किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नवागांवकला वार्ड क्रमांक 04 निवासी डोंगर सिंग चक्रधारी 60 वर्ष बीते 1 जनवरी 2026 की दोपहर करीब 03:30 बजे ग्राम डोंगाझर में एक कार्यक्रम में शामिल होकर पैदल अपनी साइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान चुर्रूपाली रोड पर डोंगाझर निवासी जवाहर चक्रधारी ने अपनी ईको कार क्रमांक CG 04 QL 4324 को अत्यधिक लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में गंभीर रूप से घायल डोंगर सिंग को तत्काल जैन अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान 17 जनवरी 2026 को उनकी मृत्यु हो गई.
बताया गया आरोपी चालक रिश्तेदार होने के कारण उसके पिता साधुराम चक्रधारी ने इलाज का ₹4 लाख खर्च देने का वादा किया था, इस मौखिक राजीनामे के कारण परिजनों ने उस समय पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई और न ही शव का पोस्टमार्टम कराया.
लेकिन आरोपी पक्ष द्वारा इलाज का वादा किया गया खर्च न दिए जाने पर मृतक की पत्नी मीना बाई चक्रधारी 58 वर्ष ने पुलिस अधीक्षक महासमुंद के समक्ष लिखित शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया. जिसपर जांच और परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोप सही पाए गए.
जिसपर पुलिस ने ईको कार चालक जवाहर चक्रधारी के खिलाफ BNS की धारा 106(1) तथा धारा 184 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है.