सांकरा : बडे़टेमरी और छोटे टेमरी मोड़ पर 11 लीटर महुआ शराब के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
सांकरा पुलिस ने शनिवार रात दो अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी छापेमारी की, पुलिस ने ग्राम बड़ेटेमरी और छोटे टेमरी मोड़ से कुल 11.32 लीटर अवैध हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त की है.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बड़ेटेमरी में एक व्यक्ति अपने घर के सामने अवैध महुआ शराब रखकर बेच रहा है.
सूचना पर पुलिस टीम ने बड़ेटेमरी में संदेही के मकान के सामने दबिश देकर चमरा यादव पिता स्व. मंगली यादव, उम्र 65 वर्ष, निवासी बड़ेटेमरी को पकड़ा, जिसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कपड़े के थैले में रखे 180 एमएल के 24 प्लास्टिक पाउच कुल 4.320 लीटर महुआ शराब, कीमत ₹960 बरामद हुए.
मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) का अपराध पंजीबध किया गया.
दूसरी कार्रवाई में, उसी रात गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि छोटे टेमरी मोड़ पर एक व्यक्ति जरकीन में महुआ शराब भरकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है. जिसपर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की और संदेही देशीलाल पटेल पिता जहुरसिंह पटेल, उम्र 42 वर्ष, निवासी देवसराल को हिरासत में लिया.
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद थैले के अंदर 10 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक जरकीन से 07 लीटर अवैध महुआ शराब कीमत ₹1,400 जब्त की गई. तथा आरोपी को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार किया गया.