महासमुंद : शराब दुकान रोड पर युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला, मोबाइल और नगदी लूटकर दो अज्ञात आरोपी फरार
महासमुंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत घोडारी शराब दुकान मार्ग पर एक युवक पर अज्ञात बदमाशों द्वारा चाकू से प्राणघातक हमला कर लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हादसे के बाद बदमाशों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अछरीडीह थाना तुमगांव निवासी दीपक साहू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा भाई पंकज साहू बिरकोनी स्थित एक फल दुकान में काम करता है. जो 18 सितंबर 2026 की रात लगभग 8:36 बजे गांव के ही चुमेश्वर साहू ने फोन पर सूचना दी कि पंकज साहू को घोडारी शराब दुकान वाली सड़क पर किसी ने चाकू मार दिया है. सूचना मिलते ही परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां पंकज सड़क पर गंभीर अवस्था में पड़ा मिला.
घायल पंकज साहू ने परिजनों को बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल पैशन प्रो, क्रमांक CG 06 GD 6932 से घोडारी शराब दुकान की ओर जा रहा था. तभी शराब भट्टी की तरफ से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी. टक्कर से नीचे गिरते ही दोनों बदमाशों ने "गाड़ी चलाना नहीं आता" कहते हुए गाली-गलौज की और हत्या करने की नीयत से चाकू से जानलेवा हमला कर दिया.
हमले में युवक के पेट और दाहिने हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी आंत बाहर निकल आई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक का रियलमी मोबाइल और 100 रुपये नगद लूटकर मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद परिजनों ने डायल 112 की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिफर कर दिया. फिलहाल घायल का इलाज लभरा स्थित सोहम अस्पताल में जारी है.
मामले में पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 281 एवं 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.