महासमुंद : विकास कार्य से असंतुष्ट होकर सचिव दी अश्लील गालियां, जनपद अध्यक्ष पति को दी तुमगांव रोड पर मारने की धमकी
जनपद पंचायत महासमुंद परिसर में जनपद अध्यक्ष के पति को फोन पर अश्लील गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पंचायत सचिव के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम व पोस्ट खट्टा थाना पटेवा निवासी रामस्वरूप दीवान उम्र 47 वर्ष, जो वर्तमान में जनपद पंचायत अध्यक्ष महासमुंद दिशा दीवान के पति हैं, उन्होंने बताया कि बीते 31 अगस्त 2026 की दोपहर लगभग 03:26 बजे वे जनपद पंचायत महासमुंद परिसर में सार्वजनिक स्थान पर कार्यकर्ताओं, ग्राम के सरपंच और उपसरपंच के साथ मौजूद थे.
उसी दौरान ग्राम पंचायत खट्टा के पंचायत सचिव द्वारिका निषाद ने अपने मोबाइल नंबर से सरपंच राजकमल पटेल के मोबाइल पर फोन किया और रामस्वरूप दीवान से बात कराने को कहा. फोन पर बात करते ही विकास कार्यों से असंतुष्ट होकर रंजिश रखते हुए सचिव द्वारिका निषाद ने रामस्वरूप दीवान को मां-बहन की बेहद अश्लील गालियां दीं और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया.
बातचीत के दौरान फोन का स्पीकर ऑन था और रिकॉर्डिंग भी चालू थी, जिसे मौके पर मौजूद सरपंच राजकमल पटेल, उपसरपंच गिरीश कुमार नायक और लवेश ढीढ़ी सहित अन्य लोगों ने सुना. आरोपी सचिव ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि 'तुमगांव से निकलते ही सड़क पर अपने सालों से इतना मार खिलवाऊंगा कि जान निकल जाएगी'. साथ ही गांव से साथ आए लोगों को उनकी गाड़ी में वापस न जाने की चेतावनी दी.
वहीँ मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पंचायत सचिव द्वारिका निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और धारा 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है.