महासमुंद : स्कूटी में सवार युवकों ने पैसे न देने पर युवक को ... - CG Sandesh

महासमुंद : स्कूटी में सवार युवकों ने पैसे न देने पर युवक को चाकू से वार कर मोबाइल लूटा

महासमुंद कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकर नगर स्थित तिवारी गली में दिनदहाड़े लूटपाट और जानलेवा हमले का एक गंभीर मामला सामने आया है. मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बेमचा निवासी बुधराम निषाद का बेटा रेखराम निषाद महासमुंद में यादराम साहू की फल दुकान पर काम करता है. तथा रविवार 20 सितंबर 2026 की दोपहर वह घर से खाना खाकर वापस दुकान लौट रहा था. इसी दौरान दोपहर लगभग 01:15 बजे जैसे ही वह शंकर नगर स्थित तिवारी गली के पास पहुंचा, तभी वहां स्कूटी क्रमांक CG 10 DK 3297 में सवार होकर दो युवक पहुंचे.

गली में सन्नाटा देखकर आरोपियों सुनील सिंह राजपूत और लीलाधर साहू ने रेखराम को रोक लिया और उससे पैसों की मांग करने लगे. जब रेखराम ने पैसे न होने की बात कही, तो आरोपी लीलाधर साहू आक्रोशित हो गया और उसने अपने पास रखा चाकू निकालकर रेखराम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी दाहिनी जांघ में गंभीर चोट आई.

इसी दौरान उसके साथी सुनील सिंह राजपूत ने रेखराम का मोबाइल फोन छीन लिया और दोनों आरोपी अपनी स्कूटी से मौके से फरार हो गए. घटना के बाद घायल रेखराम किसी तरह संभलकर फल दुकान पहुंचा और घटना की जानकारी यादराम साहू को दी.

यादराम साहू ने परिजनों को सूचित करते हुए घायल युवक को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल पहुंचाया. वहीँ महासमुंद पुलिस ने आरोपी सुनील सिंह राजपूत और लीलाधर साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 309(6) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है.


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें