सरायपाली : आबकारी कार्यालय के सामने तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से मारी टक्कर, इलाज के दौरान महिला की मौत
सरायपाली आबकारी कार्यालय के सामने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहे एक मोटरसाइकिल चालक द्वारा पीछे से टक्कर मार देने के कारण गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. मामले की मर्ग जांच पर पुलिस ने आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्णमी देवी चौहान पति गणेशराम चौहान, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम बटाऊपाली, चौकी कनकबीरा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ 20 जून 2026 को अपने भाई अर्जुन चौहान के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HF 4070 से ग्राम रिमजी से सरायपाली सामान खरीदने गई थीं.
तथा सरायपाली स्थित आबकारी कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GV 5669 के चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में दोनों बाइक से नीचे गिर गए, चालक अर्जुन चौहान को चोट नहीं आई, लेकिन पीछे बैठी पूर्णमी देवी चौहान के सिर में गंभीर चोटें आईं. जिसके बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद रामअवतार अस्पताल सरायपाली और फिर गंभीर हालत को देखते हुए डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रायपुर रेफर किया गया.
लेकिन रायपुर में इलाज के दौरान 24 जून 2026 की रात लगभग 09:30 बजे महिला की मृत्यु हो गई. बताया गया दुर्घटना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GV 5669) के चालक की लापरवाही से हुई थी, मामले में आरोपी मोटरसाइकिल चालक की लापरवाही से मौत होना सिद्ध पाए जाने पर सरायपाली पुलिस ने बाइक क्रमांक CG 06 GV 5669 के चालक के खिलाफ BNS की धारा 106(1) अपराध कायम कर विवेचना में ले लिया है.