खल्लारी : अनियंत्रित कार ने ली पिता-पुत्र की जान
खल्लारी राष्ट्रीय राजमार्ग NH-353 पर ग्राम हाड़ाबंद के पास तेज रफ्तार कार चालक द्वारा लापरवाही से वाहन चलाते हुए सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मारने से एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई. हादसे में गंभीर रूप से घायल पिता और उनके 5 वर्षीय मासूम बेटे की रायपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 17 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 11:00 बजे की है. जब ग्राम भदरसी थाना बागबाहरा निवासी मनीष ध्रुव उम्र 28 वर्ष, पिता लखन ध्रुव अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GX 5677 पर अपने 5 वर्षीय बेटे युग ध्रुव को बैठाकर जा रहे थे. जैसे ही वे खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर ओवरब्रिज के पास ग्राम हाड़ाबंद पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार क्रमांक OD 33 F 1008 के चालक ने अत्यधिक लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में मनीष ध्रुव के सिर, चेहरे, कलाई और पैरों की हड्डियों में गंभीर फ्रैक्चर आए, जबकि मासूम युग ध्रुव के चेहरे, पेट, गले और हाथ-पैर में गंभीर अंदरूनी चोटें लगीं. दोनों घायलों को तत्काल रायपुर स्थित ममता सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसी शाम मासूम युग ध्रुव रात 06:20 बजे और उसके पिता मनीष ध्रुव ने रात 09:20 बजे दम तोड़ दिया.
मर्ग जांच में पाया गया कि दुर्घटना कार क्रमांक OD 33 F 1008 के चालक द्वारा तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई थी, जिससे दो लोगों की मृत्यु हो गई. खल्लारी पुलिस ने जांच के बाद आरोपी कार चालक के खिलाफ BNS की धारा 106(1) के तहत अपराध कायम कर विवेचना में ले लिया.