महासमुंद : सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियों का होगा आयोजन
अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा पहल के तहत 18 सितंबर को विद्यालय स्तर पर चित्रांकन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। इसके बाद 19 सितंबर को पहल के द्वितीय दिवस चित्रों का प्रदर्शन एवं चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने विकसित भारत, राष्ट्र निर्माण, सेवा, स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा देश के उज्ज्वल भविष्य जैसे विषयों को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति सोच, रचनात्मक अभिव्यक्ति और सेवा भावना को प्रोत्साहित करना है।
‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा पहल को आगे बढ़ाते हुए 28 सितंबर एवं 01 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए चित्रांकन एवं चित्र प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर चयनित विद्यार्थियों की सहभागिता से चित्रों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 03 अक्टूबर को जिला स्तर पर चित्रांकन एवं प्रदर्शन प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता एवं राष्ट्र निर्माण की सोच को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इसी क्रम में 23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों एवं विभिन्न वर्गों को समाजहित और जनसेवा के कार्यों में अपने योगदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं 25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों तथा समुदाय के बीच सहभागिता और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
29 सितंबर एवं 07 अक्टूबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत सेवा भावना, राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया जाएगा। इसी तरह 01 से 07 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से गतिविधियां आयोजित होंगी।
02 से 05 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प यात्रा’ आयोजित की जाएगी। इस दौरान सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संदेश को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद 07 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा, जो सेवा और सामाजिक सहभागिता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
अभियान के अंतिम चरण में युवाओं की रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए 09 अक्टूबर को ‘हैकेथॉन सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रतिभागियों को सेवा और जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नवाचारी विचार एवं तकनीकी समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के आयोजन के साथ होगा। इस दौरान सुशासन, जनभागीदारी, सेवा भावना और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर संवाद एवं विचार-विमर्श किया जाएगा।