कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद में 'Student ... - CG Sandesh

कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद में 'Student READY' कार्यक्रम का उन्मुखीकरण सम्पन्न

कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद में चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों के Student READY (Rural Entrepreneurship Awareness Development Yojana) का उन्मुखीकरण कार्यक्रम दिनांक 22 सितम्बर 2026 को महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। 

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को READY कार्यक्रम के उद्देश्यों, गतिविधियों, एवं कार्यप्रणाली की जानकारी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दी गई। इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. भंडारकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि READY कार्यक्रम विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित ज्ञान को वास्तविक कृषि एवं ग्रामीण परिस्थितियों में लागू करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। 

उन्होंने विद्यार्थियों को किसानों की समस्याओं को समझने, कृषि तकनीकों के प्रभावी प्रसार तथा कृषि आधारित उद्यमिता, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को पहचानने के लिए प्रेरित किया। 

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध स्थानीय संसाधनों एवं अवसरों का अध्ययन कर नवाचार और उद्यमिता की दिशा में भी कार्य करें। डॉ. पी. सी. चौरसिया ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयबद्धता, ग्रामीण समुदाय के साथ व्यवहार, क्षेत्रीय कार्य के दौरान आवश्यक सावधानियों तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। 

उन्होंने विद्यार्थियों को READY कार्यक्रम के दौरान जिम्मेदारी एवं अनुशासन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ सुबोध कुमार प्रधान द्वारा कार्यक्रम का संक्षिप्त परिचय देते हुए विद्यार्थियों की भूमिका, ग्राम स्तर पर किए जाने वाले सर्वेक्षण, कृषक संपर्क, कृषि संबंधी गतिविधियों तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी दी गई। 

कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक डॉ. आदित्य सिरमौर, डॉ. ओकेश चंद्राकर, डॉ. ऋचा चौधरी, श्रीमती कोमल गंभीर सहित अतिथि शिक्षक डॉ. सुषमा, डॉ. देवप्रकाश, डॉ. मनीष, डॉ. शांता एवं श्री मनीष पटेल उपस्थित रहे तथा विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें