महासमुंद : सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों पर ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण 24 एवं 25 सितंबर को
छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के निर्देशानुसार सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के नियमों एवं प्रावधानों की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 24 एवं 25 सितंबर 2026 को किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में प्रतिदिन पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 2 बजे तक आयोजित होगा।
प्रशिक्षण के दौरान ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के विभिन्न नियमों एवं प्रावधानों, आवेदन प्रक्रिया तथा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को अधिनियम के प्रावधानों की व्यवहारिक समझ विकसित करने के साथ-साथ संबंधित स्तर पर जानकारी प्रसारित करने में सक्षम बनाया जाएगा।
ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर को प्रशिक्षण राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर मनोज सिन्हा, सहायक परियोजना अधिकारी, जिला पंचायत महासमुंद तथा जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर ओमप्रकाश पटेल, अजय जलक्षत्री, धनुर्जय साहू एवं मेघनाथ सिदार द्वारा प्रदान किया जाएगा।