महासमुंद : नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में बाढ़ एवं भू-स्खलन के मद्देनजर यात्रियों की जानकारी एकत्रित करने के निर्देश
भारत सरकार, गृह मंत्रालय एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में 26 अगस्त 2026 को अचानक आई बाढ़ एवं भू-स्खलन की घटना के मद्देनजर छत्तीसगढ़ राज्य के तीर्थयात्रियों एवं अन्य यात्रियों की सुरक्षा तथा वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी चाही गई है।
इस संबंध में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा द्वारा जिले के संबंधित अनुभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशानुसार नेपाल अथवा तिब्बत क्षेत्र में यात्रा कर रहे जिले के किसी व्यक्ति या यात्री, विशेषकर कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए यात्रियों की जानकारी तत्काल जुटाई जाएगी।
अपर कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्र में पटवारियों, पंचायत सचिवों एवं कोटवारों के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर यह सुनिश्चित करें कि जिले से कोई व्यक्ति अथवा यात्री उक्त क्षेत्र में यात्रा पर गया है या नहीं। यदि कोई व्यक्ति अथवा यात्री यात्रा पर गया हो, तो उसकी आवश्यक जानकारी निर्धारित प्रपत्र में तैयार कर तत्काल जिला कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
प्राप्त जानकारी के आधार पर शासन को समय पर आवश्यक विवरण उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करते हुए जानकारी तत्काल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। पीड़ित परिवारों को कलेक्टर कार्यालय के बाढ़ आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 07723-223305 में सम्पर्क करने कहा गया है।