महासमुंद : चिरायु योजना से 7 वर्षीय दिगेंद्र को मिला नया जीव... - CG Sandesh

महासमुंद : चिरायु योजना से 7 वर्षीय दिगेंद्र को मिला नया जीवन, सफल हृदय ऑपरेशन के बाद अब स्वस्थ जीवन की ओर

समय पर बीमारी की पहचान, निःशुल्क उपचार और चिरायु टीम के समर्पित प्रयासों से बच्चे के चेहरे पर लौटी मुस्कान

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की चिरायु टीम बागबाहरा के निरंतर प्रयासों एवं समन्वय से ग्राम घुचापाली निवासी 7 वर्षीय दिगेंद्र नारंग, पिता पूनम नारंग, को हृदय रोग से उपचार प्राप्त हुआ। बीमारी के कारण बच्चा स्कूल जाने में असमर्थ था और थोड़ा सा खेलने पर ही थक जाता था। स्वास्थ्य समस्या का उसके दैनिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।

चिरायु योजना के अंतर्गत चिरायु टीम बागबाहरा द्वारा बच्चे की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परीक्षण किए गए। जांच के दौरान हृदय रोग की पहचान होने पर बच्चे को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्था में रेफर किया गया। टीम के निरंतर प्रयास, मार्गदर्शन एवं समन्वय से बच्चे का निःशुल्क हृदय संबंधी ऑपरेशन 19 अगस्त 2025 को रायपुर स्थित बालाजी हॉस्पिटल में सफलतापूर्वक कराया गया। बच्चे का पीटीएफई पैच के साथ वीएसडी क्लोजर एवं पल्मोनरी वाल्व रिप्लेसमेंट के साथ इंट्राकार्डिएक रिपेयर किया गया। सफल ऑपरेशन के बाद बच्चे के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।

ऑपरेशन के बाद दिगेंद्र के स्वास्थ्य में सुधार हुआ और वह अब नियमित रूप से स्कूल जाने लगा है। वह अन्य स्वस्थ बच्चों की तरह खेलने-कूदने लगा है तथा सामान्य जीवन की ओर लौट चुका है। बीमारी के कारण जिन गतिविधियों में उसे कठिनाई होती थी, उनमें सुधार होने से उसके चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई है। चिरायु टीम बागबाहरा के प्रयासों से बच्चे को निःशुल्क उपचार उपलब्ध हुआ और उसके परिवार को राहत मिली।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें