पिथौरा : गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी ठोकर; युवक गंभीर रूप से घायल
पिथौरा राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर चांदापारा गडबेड़ा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार जॉनडीयर ट्रैक्टर के चालक ने गलत दिशा से आकर मोटरसाइकिल सवार युवक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण सड़क हादसे में युवक के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दाऊद तिवारी उर्फ धन्नू शनिवार, 19 सितंबर 2026 को अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HB 3806 से काम के सिलसिले में पिथौरा आया था. और दोपहर लगभग 11:30 बजे जब दाऊद काम खत्म कर वापस अपने गांव झलप लौट रहा था, तभी NH-53 पर चांदापारा गडबेड़ा मोड़ के पास सामने से गलत दिशा में आ रहे जॉनडीयर ट्रैक्टर क्रमांक CG 06 HH 1906 के चालक ने अपने वाहन को अत्यधिक तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी.
हादसे में दाऊद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं. दुर्घटना के तुरंत बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र CHC पिथौरा ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया.
वहीँ मामले में पिथौरा पुलिस ने जॉनडीयर ट्रैक्टर क्रमांक CG 06 HH 1906 के चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 281 और धारा 125(a) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है.