पिथौरा : मारपीट व जान से मारने की धमकी, शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज.
पिथौरा ग्राम टोंगोपथरा में जमीनी विवाद की पुरानी रंजिश को लेकर दो सगे चाचाओं द्वारा अपने ही भतीजे पर अश्लील गालियां देते हुए डंडे और धारदार वस्तु से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम टोंगोपथरा थाना सांकरा निवासी रविलाल बरिहा 22 सितंबर 2026 की सुबह अपने दोस्तों अरुण बरिहा और संजय बरिहा के साथ पिकनिक मनाने जोंक नदी गए थे. जहाँ शाम लगभग 05:15 बजे जब वे पिकनिक मनाकर वापस घर पहुंचे, तभी घर के सामने पूर्व से मौजूद उनके चाचा पाण्डव बरिहा और गोविंद बरिहा ने जमीन संबंधी पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी.
प्रार्थी रविलाल द्वारा अश्लील गालियां देने से मना करने पर दोनों आरोपी उग्र हो गए, उन्होंने अपने पास रखे डंडे और किसी धारदार वस्तु से रविलाल पर अचानक हमला कर दिया.
इस दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी. हमले में पीड़ित के सिर के पिछले हिस्से, दोनों हाथों की कोहनी के ऊपर और पीठ में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा.
घटना के समय मौके पर मौजूद पीड़ित की पत्नी मीनाक्षी बरिहा, भाभी नीलम बरिहा, बहन बिंदा बरिहा और बड़े पिता धनीराम बरिहा ने तत्काल बीच-बचाव कर रविलाल की जान बचाई.
पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर आरोपी पाण्डव बरिहा और गोविंद बरिहा के खिलाफ BNS की धारा 115(2), धारा 118(1), धारा 296, धारा 351(3) और धारा 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.