महासमुंद : नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ विद्यार्थियों ने ल... - CG Sandesh

महासमुंद : नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ विद्यार्थियों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 7 शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

 1664 विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत महासमुंद जिले में 24 सितंबर को परिवहन, शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से नशामुक्ति एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वयं तथा दूसरों को नशे के सेवन से दूर रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान कुल 1664 विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की।

जिले के 7 शैक्षणिक संस्थानों में नशामुक्ति की शपथ लेने वाले विद्यार्थियों में डाइट महासमुंद के 115, सरस्वती शिशु मंदिर तुमगांव के 175, चंद्रपाल डडसेना महाविद्यालय पिथौरा के 266, सरस्वती शिशु मंदिर बसना के 290, रामचण्डी महाविद्यालय सरायपाली के 280, विरेन्द्र बहादुर महाविद्यालय सरायपाली के 278,  डॉ. भीमराव अम्बेडकर महाविद्यालय बलौदा के 260 विद्यार्थी शामिल हैं। कुल 1664 विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि नशामुक्त समाज का निर्माण नशामुक्त भारत अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इस दिशा में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने घर-परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। 

अधिकारियों ने नशे की लत से पीड़ित व्यक्तियों को इससे बाहर निकालने के लिए सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। मेडिटेशन, आध्यात्मिक गतिविधियों एवं परिवार के सहयोग के माध्यम से नशे की आदत से मुक्ति की दिशा में किए जा सकने वाले प्रयासों की जानकारी दी गई।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें