महासमुंद : राष्ट्रीय आयुष मिशन से जिले के ग्रामीण अंचलों तक ... - CG Sandesh

महासमुंद : राष्ट्रीय आयुष मिशन से जिले के ग्रामीण अंचलों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सेहतमंद बनाने आयुष विभाग स्वास्थ्य परामर्श एवं जागरूकता गतिविधियों को घर-घर पहुंचा रही

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प की निरंतर यात्रा रही है। इसी सेवा भावना से प्रेरित होकर देशभर में स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों को गति मिली है। 

महासमुंद जिले में भी सेवा ही संकल्प, जनकल्याण ही लक्ष्य की भावना के साथ राष्ट्रीय आयुष मिशन के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक आयुष चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। आयुष पद्धतियों को स्वास्थ्य संवर्धन, रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ते हुए जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुआ है।

जिले के 14 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन एवं विस्तार किया गया है। मिशन के अंतर्गत आयुष संस्थाओं में 12 चिकित्सकों एवं 08 स्टाफ की सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वर्ष 2023 से अब तक आयुष ओपीडी एवं विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से नागरिकों को चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

 16 केन्द्रों में योग एवं स्वास्थ्य संवर्धन गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। इन केंद्रों में 02 योग चिकित्सक एवं 14 योग प्रशिक्षकों की सेवाएं मिशन के अंतर्गत ली जा रही हैं। योग, आहार-विहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक कर रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य संवर्धन पर जोर दिया जा रहा है। वहीं आयुष विंग में पंचकर्म जैसी विशिष्ट आयुर्वेदिक सेवाओं को बढ़ावा देने के साथ औषधियों एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता में भी सुधार किया गया है।

राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत आयुष मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ एवं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों वाले क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। मोबाइल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, आयुष औषधियों का वितरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इससे ऐसे क्षेत्रों के नागरिकों को उनके आसपास ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

सुप्रजा कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को आयुष आधारित स्वास्थ्य परामर्श,  विद्यालयों में संचालित आयुर्विद्या कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को योग, स्वस्थ जीवन शैली, उचित आहार-विहार एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जा रही है। जिला चिकित्सालय महासमुंद में एनसीडी सेवाओं के साथ समन्वय करते हुए मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं अन्य जीवनशैली जनित बीमारियों के प्रति जागरूकता तथा आयुष आधारित स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया जा रहा है।

आयुष विभाग द्वारा जिले के 05 विकासखंडों में ऑस्टियोआर्थराइटिस एवं मस्कुलोस्केलेटल डिसॉर्डर के प्रति जागरूकता, स्क्रीनिंग एवं रोकथाम संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही है। वयोमित्र कार्यक्रम के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य एवं स्वस्थ वृद्धावस्था को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बुजुर्गों में पुरानी बीमारियों, जोड़ो के दर्द एवं जीवनशैली से संबंधित समस्याओं के लिए आयुष ओपीडी, स्वास्थ्य परामर्श एवं जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें