महासमुंद : सेवा सेतु अभियान और दान उत्सव की तैयारियों को लेक... - CG Sandesh

महासमुंद : सेवा सेतु अभियान और दान उत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने दिए निर्देश

वीसी के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा, शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सेवा सेतु अभियान एवं आगामी दान उत्सव की तैयारियों को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अनुपमा आनंद सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित मैदानी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

कलेक्टर ने सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों को जनसुविधा का प्रभावी माध्यम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर के पूर्व संबंधित ग्रामों में मुनादी कराकर लोगों को शिविर की जानकारी दें तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। पात्र हितग्राहियों से शिविर के पूर्व भी आवेदन प्राप्त किए जा सकते हैं और शिविर के दिन उनका निराकरण किया जाए। उन्होंने शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने तथा संबंधित विभागों के मैदानी अमले की अनिवार्य रूप से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की 26 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए जाएं। संबंधित विभाग अपने-अपने विभागीय योजनाओं की जानकारी वाले पंपलेट एवं प्रचार सामग्री का वितरण करें, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और पात्रता की जानकारी आसानी से मिल सके। सभी विकासखंड में 20 से 25 गांवों का क्लस्टर बनाकर 1 अक्टूबर, 03, 05 एवं 06 अक्टूबर को शिविर आयोजित किया जाएगा। जिसमें सेवा सेतु अभियान के लिए संबंधित विकासखंड के अनुविभागीय अधिकारी नोडल अधिकारी एवं संबंधित जनपदों के जनपद पंचायत सीईओ सहायक नोडल अधिकारी होंगे।

2 से 8 अक्टूबर तक मनाया जाएगा दान उत्सव

बैठक में 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दान उत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को दान उत्सव को जनभागीदारी का अभियान बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए रेडक्रॉस के सहयोग से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इन शिविरों में केन्द्र एवं राज्य शासन के 26 महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने नागरिकों को अंगदान और देहदान के लिए भी जागरूक एवं प्रोत्साहित करने को कहा। इसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खिलौना दान, जरूरतमंदों के लिए वस्त्र दान, तथा शिक्षा दान के अंतर्गत पुस्तकें दान करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। साथ ही जरूरतमंद युवाओं को रोजगारपरक बनाने की दिशा में कौशल विकास के लिए योगदान देने की अपील की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि दान उत्सव केवल सामग्री दान तक सीमित न रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी क्षमता के अनुसार सेवा और सहयोग से जोड़ने का माध्यम बने। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें