बागबाहरा : अज्ञात बाइक चालक ने महिला को मारी टक्कर, गंभीर रूप से घायल
बागबाहरा-गांजर रोड पर ग्राम भदरसी के पास एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक द्वारा स्कूटी सवार महिला को टक्कर मारकर भागने का मामला सामने आया है. इस भीषण हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम करहीडीह निवासी तरूलता बराई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुनगासेर में महिला सुपरवाइजर के पद पर पदस्थ हैं, जो सोमवार, 31 अगस्त 2026 की सुबह लगभग 10:30 से 11:00 बजे के बीच वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा में शासकीय पत्र जमा करने के बाद अपनी स्कूटी से मुनगासेर जा रही थीं.
इसी दौरान बागबाहरा-गांजर मार्ग पर ग्राम भदरसी के पास एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. हादसे में तरूलता बराई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं. दुर्घटना में उनके पैर की दो उंगलियां टूटकर कट गईं तथा तीन पसलियों में फ्रैक्चर आ गया.
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर मोबाइल से पति को हादसे की जानकारी दी, परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर शारीरिक क्षति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया.
वहीँ मामले में पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 281 और धारा 125(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है.