गणेश विसर्जन के दौरान खूनी विवाद, तीन युवकों पर चाकू से हमला... - CG Sandesh

गणेश विसर्जन के दौरान खूनी विवाद, तीन युवकों पर चाकू से हमला; जूना बिलासपुर में भी मारपीट से मचा हंगामा

बिलासपुर :  गणेश विसर्जन के दौरान अलग-अलग इलाकों में विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। सिरगिट्‌टी थाना क्षेत्र में विसर्जन के बाद लौट रहे युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में घायल तीनों युवकों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।वहीं, सिटी कोतवाली क्षेत्र के जूना बिलासपुर में भी गणेश विसर्जन के दौरान दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद और मारपीट हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और कई युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

विसर्जन से लौटते समय शुरू हुआ विवाद

सिरगिट्‌टी थाना क्षेत्र में नायक गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारी और सदस्य गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने गए थे। विसर्जन के बाद लौटते समय बड़े बन्नाक तालाब के पास समिति से जुड़े कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में युवकों के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा और मारपीट शुरू हो गई।

समझाने पहुंचे युवकों पर ही कर दिया चाकू से हमला

बताया गया है कि बन्नाक चौक के पास कुछ युवक विवाद कर रहे थे। इसी दौरान महावीर नगर निवासी राहुल सिंह ठाकुर और माता चौरा निवासी सिद्धांत ध्रुव समेत तीन युवकों ने उन्हें विवाद करने से रोकने की कोशिश की।आरोप है कि इसके बाद विवाद कर रहे युवकों ने इन्हीं तीनों पर हमला कर दिया। चाकू से किए गए हमले में तीनों घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा।

अनुज समेत कई युवकों को पुलिस ने पकड़ा

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नायक गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष अनुज, शेखर कांति, करण रजक सहित अन्य युवकों को पकड़ा है। पुलिस मामले में पूछताछ कर घटना के पूरे क्रम की जानकारी जुटा रही है।पुलिस की शुरुआती जांच में किसी पुरानी रंजिश की बात सामने आने के बजाय नशे की हालत में विवाद बढ़ने की जानकारी दी गई है। हालांकि, मामले की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

जूना बिलासपुर में भी दो पक्षों में मारपीट

गणेश विसर्जन के दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जूना बिलासपुर में भी युवकों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। गोंड़पारा और सरकंडा क्षेत्र से आए कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हुई।कुछ ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद कर रहे युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने संबंधित युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

डीजे और हुड़दंग को लेकर दिए गए थे सख्त निर्देश

गणेशोत्सव से पहले जिला और पुलिस प्रशासन ने आयोजन समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें विसर्जन के दौरान उपद्रव और हुड़दंग से दूर रहने की हिदायत दी गई थी। डीजे को लेकर भी निर्धारित नियमों और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार ही ध्वनि प्रसारण करने के निर्देश दिए गए थे।आयोजकों की ओर से भी नियमों का पालन करने और विसर्जन के दौरान किसी तरह का उपद्रव नहीं होने देने की बात कही गई थी। इसके बावजूद शहर के अलग-अलग हिस्सों में मारपीट और विवाद की घटनाएं सामने आईं।

रास्ते रोककर डीजे बजाने से यातायात भी प्रभावित

विसर्जन जुलूस के दौरान कुछ स्थानों पर रास्ता रोककर डीजे बजाने की वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की भी बात सामने आई है। इससे कई जगह जाम की स्थिति बनी और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें