बसना : कंडेनसर बदलने की बात को लेकर बड़े भाई और भाभी के साथ गाली गलौच कर मारपीट
वार्ड नंबर 10 बसना में घर का कंडेनसर बदलने की मामूली बात को लेकर देवर द्वारा अपने ही बड़े भाई और भाभी के साथ मां-बहन की अत्यंत अश्लील गालियां देते हुए हाथ-थप्पड़ों से मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम वार्ड नंबर 10 बसना निवासी यशोदा टंडन उम्र करीब 35 वर्ष, ने अपने देवर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता ने बताया कि शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 की रात लगभग 07:30 बजे घर में कंडेनसर बदलने की बात को लेकर उसका देवर विदेशी टंडन उसके पति कंचन टंडन से अश्लील गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी.
जब पीड़िता यशोदा टंडन अपने पति को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपी देवर ने आपा खो दिया, उसने अपनी भाभी के साथ भी अत्यंत नीच व अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-थप्पड़ों से जमकर मारपीट की. मारपीट के कारण पीड़िता के सिर और पीठ में गंभीर चोटें आईं और तेज दर्द होने लगा.
घटना के समय मौके पर मौजूद सुलमान टंडन ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और दोनों की जान बचाई. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि देवर द्वारा दी गई गाली-गलौज से उसे गहरा मानसिक आघात पहुंचा है, वहीं पति को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद से पूरा परिवार अत्यधिक भयभीत और दहशत में है.
पुलिस ने आरोपी विदेशी टंडन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 115(2), धारा 296 और धारा 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है.