बसना : ट्रैक्टर की जैक रॉड से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला, मौत - CG Sandesh

बसना : ट्रैक्टर की जैक रॉड से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला, मौत

बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े टेमरी में रविवार की रात 8:30 बजे पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान पति ने ट्रैक्टर की जैक रॉड से अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई और बाद में किचन में ही उसकी मौत हो गई। 

घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी बसना पुलिस को दी गई सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा मामले की जांच की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बड़े टेमरी निवासी सुभाषिनी साव पति बालक राम साव उम्र करीब 45 वर्ष रविवार रात करीब 8:30 बजे खाना खाने के बाद घर के किचन में पोछा लगा रही थी। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। 

विवाद बढ़ने पर पति बालक राम साव ने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर की जैक रॉड उठाकर अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने रॉड से महिला पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई और बेहोश हो गई। बाद में किचन में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार पति बालक राम साव की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी और करीब डेढ़ वर्ष से रायपुर में उसका इलाज चल रहा था।

 परिजनों का यह भी कहना है कि मानसिक स्थिति बिगड़ने पर वह कई बार पत्नी के साथ मारपीट करने पर उतारू हो जाता था। परिवार के लोगों के अनुसार वह कभी-कभी पत्नी को फावड़ा (रांपा) - कुदारी से मारने की बात भी कहता था। इसी आशंका के चलते कृषि उपकरणों को एक कमरे में ताला लगाकर रखने की बात भी परिजनों द्वारा बताई गई है। 

रविवार रात हुई घटना के बाद बड़े टेमरी सहित आसपास के गांवों में घटना की जानकारी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीणों में घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई। महिला की मौत की सूचना बसना थाना पुलिस को दिए जाने की जानकारी है।


author

सी. डी. बघेल

वरिष्ठ पत्रकार सी.डी. बघेल जी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 से अधिक वर्षों का लंबा और गौरवशाली अनुभव है। 1990 के दौर से लगातार निष्पक्ष एवं खोजी पत्रकारिता कर रहे सी.डी. बघेल जी बसना एवं पिथौरा क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों और आम जनता के हक की आवाज़ को जमीनी स्तर से उठाने के लिए जाने जाते हैं। तीन दशकों से अधिक की विश्वसनीय रिपोर्टिंग के जरिए उन्होंने पाठकों के बीच एक अटूट विश्वास कमाया है। संपर्क: +91 99770 03756
अन्य सम्बंधित खबरें