बसना : 25 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित आर.के. कुम... - CG Sandesh

बसना : 25 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित आर.के. कुमार को ‘एजुकेशन स्कल्प्टर अवार्ड-2026’

उत्कृष्ट नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और अटूट समर्पण से शैक्षणिक उत्कृष्टता की नई पहचान कायम

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और अटूट समर्पण के लिए पहचाने जाने वाले राज किशोर कुमार (आर.के. कुमार) को प्रतिष्ठित ‘एजुकेशन स्कल्प्टर अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। 25 वर्षों से अधिक के शैक्षणिक अनुभव वाले श्री कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए संस्थागत विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

भंवरपुर अंचल में वर्ष 2015 से शिक्षा के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान ने उन्हें क्षेत्र में एक समर्पित शिक्षाविद् एवं कुशल शैक्षणिक नेतृत्वकर्ता के रूप में पहचान दिलाई है। उनके नेतृत्व में न्यू लाइफ मॉडल स्कूल, भंवरपुर ने शैक्षणिक प्रगति एवं उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर नए आयाम स्थापित किए हैं। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, प्रभावी शिक्षण, शैक्षणिक जागरूकता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना उनके कार्यों की प्रमुख विशेषता रही है।

26 सितंबर 2026 को कलिंगा यूनिवर्सिटी, नवा रायपुर के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय संगोष्ठी सह सम्मान समारोह में श्री कुमार को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह का आयोजन एम.डी. एजुकेशन सोसायटी, सरायपाली द्वारा कलिंगा यूनिवर्सिटी के सहयोग से छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव के अंतर्गत किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष श्री सुधीर गौतम मुख्य अतिथि तथा कलिंगा यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी विशेष रूप से उपस्थित रहे। राज्य स्तरीय मंच पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 125 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

‘एजुकेशन स्कल्प्टर अवार्ड-2026’ श्री राज किशोर कुमार के दीर्घ शैक्षणिक अनुभव, उत्कृष्ट नेतृत्व और शिक्षा के प्रति निरंतर समर्पण को मिली राज्य स्तरीय पहचान है। उनकी इस उपलब्धि पर न्यू लाइफ मॉडल स्कूल परिवार, शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें