महासमुंद : सेवा सेतु अभियान अंतर्गत नगरीय निकायों में भी 5 और 7 अक्टूबर को लगेंगे शिविर
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े मामलों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत की सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि एल-1 स्तर पर प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए। प्रथम स्तर पर ही प्रकरणों के निराकरण के लिए अधिकारियों को 7 से 10 दिवस की समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि आवेदकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी विभागों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का नियमित अवलोकन करते हुए प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। अभी तक 6 हजार 347 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसमें से 3089 का निराकरण किया गया है।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में अभियान की गतिविधियों का व्यापक स्तर पर आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने इस दौरान अन्य कार्यक्रमों जैसे ‘सेवा के रंग’, ‘आंगन मिलन’, ‘सेवा कलश यात्रा’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ सहित अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सेवा सेतु अभियान के तहत 1, 3, 5 एवं 6 अक्टूबर को क्लस्टर लेवल पर सभी विकासखण्डों में 4-4 शिविर लगाए जाएंगे। जिसके लिए अभी से आवेदन लेने और मुनादी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अभियान अंतर्गत नगरीय निकायों में भी सेवा सेतु शिविर लगाए जाएंगे जिसमें 5 अक्टूबर को महासमुंद, तुमगांव, बागबाहरा, पिथौरा और सरायपाली में तथा 7 अक्टूबर को महासमुंद और बसना में शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर ने शिविर की तैयारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम अंतर्गत दान उत्सव 2 से 8 अक्टूबर को मनाया जाएगा। जिसमें अंगदान, देहदान, रक्तदान, पुस्तक दान, वस्त्र दान, खिलौने दान किए जाएंगे। उन्होंने आम नागरिकों से अपील किया है कि अधिक से अधिक दान उत्सव में सहभागी बने। अंगदान के लिए स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया जा सकता है। इसी तरह आंगनबाड़ी में खिलौने दान और स्कूलों में पुस्तक दान के लिए संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में ई-ऑफिस व्यवस्था एवं आधार आधारित उपस्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा आधार आधारित उपस्थिति व्यवस्था का नियमित रूप से पालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर लंगेह ने पारस पोर्टल में संबंधित विभागों को अद्यतन जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में डीसीएस सर्वे की प्रगति की भी जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा उन्होंने सर्वे के दौरान सभी संबंधित प्लॉट एवं आवश्यक अभिलेखों की जानकारी व्यवस्थित रूप से सही एवं अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पटवारियों को सर्वे किए गए प्लाॅट्स का एपू्रवल शीघ्र करने कहा गया है।
इसके अलावा कलेक्टर ने न्यायालय के प्रकरणों का जवाबदावा समय पर प्रस्तुत करने, वीबीजीरामजी, पीएम आवास, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा जन शिकायतों की भी समीक्षा की। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रकरणों एवं प्रगति की जानकारी कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।