राजनांदगांव में खिलाड़ियों से बोले अरुण साव, मेहनत और अनुशास... - CG Sandesh

राजनांदगांव में खिलाड़ियों से बोले अरुण साव, मेहनत और अनुशासन से राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का दिया संदेश

 राजनांदगांव :  पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद किया। वह जल, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा के स्वागत कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को लगातार अभ्यास, अनुशासन, एकाग्रता और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

खेल नगरी राजनांदगांव की प्रतिभाओं का किया उल्लेख

अरुण साव ने कहा कि राजनांदगांव की पहचान खेल नगरी के रूप में बनी है और यहां से निकली खेल प्रतिभाओं ने प्रदेश के साथ देश को भी गौरवान्वित किया है।उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेल में प्रतिभा के साथ लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखना और अनुशासन का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ अपनी क्षमता विकसित करने और आने वाले समय में राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रोत्साहित किया।

छत्तीसगढ़ की बेटियों की खेल उपलब्धियों का किया जिक्र

उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश की महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों को भी सामने रखा। उन्होंने बताया कि कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक हासिल किया है। संजू देवी बिलासपुर की बहतराई कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं।इसके अलावा उन्होंने जूनियर महिला हॉकी एशिया कप विजेता टीम की सदस्य छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी गीता यादव और मधु सिदार का भी उल्लेख किया। कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि को भी उन्होंने खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

राज्य में पहली बार होगी सरकार प्रायोजित हॉकी लीग

अरुण साव ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। इसी कड़ी में राज्य में पहली बार सरकार द्वारा प्रायोजित हॉकी लीग का आयोजन किया जा रहा है।यह लीग 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होगी। लीग के लिए करीब 400 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इनमें से 223 खिलाड़ी चयन ट्रायल में शामिल हुए हैं। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छह टीमों का गठन किया जाएगा।

राजनांदगांव की टीम की पहचान से जुड़ा होगा संस्कारधानी नाम

हॉकी लीग में स्थानीय पहचान और संस्कृति को भी महत्व दिया गया है। राजनांदगांव की टीम का नाम यहां की पहचान संस्कारधानी के नाम पर रखा गया है। इसी तरह लीग में शामिल अन्य टीमों के नामों में भी संबंधित क्षेत्रों की स्थानीय और सांस्कृतिक पहचान को स्थान दिया गया है।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य की योजनाओं का जिक्र

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया समेत कई माध्यमों से देश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में आर्थिक प्रगति के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ना भी जरूरी है।उन्होंने बताया कि भारत को वैश्विक खेल मंच पर और मजबूत स्थिति में लाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं।

वड़नगर से वाराणसी यात्रा के बाइकर्स का हुआ स्वागत

कार्यक्रम के दौरान वड़नगर से वाराणसी तक चल रही सेवा संकल्प अभियान यात्रा के तहत राजनांदगांव पहुंचे बाइक राइडर्स का स्वागत किया गया। अरुण साव ने यात्रा में शामिल युवाओं का अभिनंदन करते हुए सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।सांसद संतोष पाण्डेय ने यात्रा को सेवा, आस्था और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा अभियान बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राओं के माध्यम से समाज तक सकारात्मक संदेश पहुंचता है। उन्होंने यात्रियों को मां बम्लेश्वरी समेत छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित कराया।

युवाओं से समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील

कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव ने भी युवाओं और खिलाड़ियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं से अपने अनुभव साझा करने के साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।इस मौके पर सेवा संकल्प यात्रा के प्रभारी और राज्यसभा सांसद राजेश शुक्ला, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू समेत कई जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और युवा मौजूद रहे।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें