बसना : भाई को नशा करने से मना करने पर मारपीट, दो पर मामला दर्ज
बसना के नायक श्मशान घाट के पास भाई को नशा करने से मना करने पर भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज की और ईंट से हमला कर सिर फोड़ दिया. मामले की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकाश कुमार मेश्राम निवासी वार्ड क्रमांक 11 फोकटपारा, बसना ने बताया कि मंगलवार 29 सितंबर 2026 की शाम लगभग 6:00 बजे वे नायक श्मशान घाट के पास अपने भाई सोनु मेश्राम को नशा न करने की समझाइश दे रहे थे. इसी दौरान वहां मौजूद धरमु सोनी बीच में कूद पड़ा और "तुम कौन होते हो समझाने वाले" कहते हुए विवाद करने लगा.
विवाद बढ़ने पर आरोपी धरमु सोनी और सोनु मेश्राम ने एकराय होकर विकाश को मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी. इसी बीच धरमु सोनी ने पास में पड़ा ईंट का टुकड़ा उठाकर विकाश मेश्राम के सिर पर मार दिया, जिससे उनका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा.
घटना के समय मौके पर मौजूद आकाश मेश्राम और कैलाश यादव ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया, मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी धरमु सोनी और सोनु मेश्राम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया.