1 हजार की किश्त से  बसना की भोजवती ने शुरू किया व्यवसाय, अब ... - CG Sandesh

1 हजार की किश्त से बसना की भोजवती ने शुरू किया व्यवसाय, अब बच्चों को दे रहीं बेहतर शिक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा का मूल भाव जनसेवा, जनभागीदारी और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना रहा है। इसी सेवा और संवेदनशील शासन की भावना को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी जा रही है। 

शासन की योजनाएं आज जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक सहायता के साथ ही उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का आधार बन रही हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से जिले में योजना के प्रारंभ से अब तक लगभग 3.24 लाख हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया जा रहा है।

महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के ग्राम बन्सुला की भोजवती साहू की कहानी इसी बदलाव की मिसाल है। पति के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। दो बच्चों के पालन-पोषण और उनके भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं। ऐसे कठिन समय में महतारी वंदन योजना उनके लिए संबल बनकर सामने आई। योजना के तहत उन्हें प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलने लगी।

भोजवती ने इस सहायता राशि को केवल घरेलू खर्च तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी आजीविका का साधन विकसित करने में लगाने का निर्णय लिया। उन्होंने एक छोटी-सी किराना दुकान शुरू की। दुकान में बिस्कुट, नमकीन, साबुन, तेल सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने लगीं। शुरुआत में दुकान चलाने को लेकर उनके मन में कई आशंकाएं थीं, लेकिन उन्होंने परिस्थितियों के आगे हार नहीं मानी। 

मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने अपने छोटे से व्यवसाय को आगे बढ़ाया। धीरे-धीरे दुकान पर ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी और आमदनी भी होने लगी। भोजवती ने अपनी आय का उपयोग दुकान में आवश्यक सामान बढ़ाने और व्यवसाय को बेहतर बनाने में किया। आज उनकी यही छोटी-सी किराना दुकान परिवार की आर्थिक मजबूती का आधार बन चुकी है। इससे उन्हें अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ-साथ अपने दोनों बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का अवसर भी मिल रहा है। भोजवती साहू कहती हैं, मेरे लिए यह केवल एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता नहीं थी, बल्कि मेरी उम्मीद, मेरी ताकत और मेरे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार थी।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें