महासमुंद : त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने कार्यक्रम जारी
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में विकासखंडवार पंचायतों के प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन दिसम्बर 2026 के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए समय-सारणी जारी कर दी गई है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) विनय कुमार लंगेह ने संबंधित जनपद पचांयतों के अनुविभागीय अधिकारी (रा.) को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में कार्यक्रम के अनुसार 13 अक्टूबर 2026 तक निर्वाचक नामावली की चेक लिस्ट तैयार कर ली जाएगी तथा 14 अक्टूबर 2026 तक उसकी जांच कर त्रुटियों का सुधार कराया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा मुद्रण कराकर इसे रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को 21 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में 23 अक्टूबर 2026 को निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा तथा उसी दिन से दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर अपरान्ह 3.00 बजे तक निर्धारित की गई है।
प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 03 नवम्बर 2026 तक किया जाएगा तथा प्रारूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 11 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है।
प्राप्त दावों का निराकरण 13 नवम्बर 2026 तक किया जाएगा। निराकरण आदेश के विरुद्ध अपील निराकरण आदेश पारित होने के 5 दिवस के भीतर की जा सकेगी। इसके बाद परिवर्धन, संशोधन तथा विलोपन से संबंधित प्रकरणों की प्रविष्टि सॉफ्टवेयर में 19 नवम्बर 2026 तक की जाएगी।
चेकलिस्ट का निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा परीक्षण कर पीडीएफ मुद्रण हेतु जिला कार्यालय को 23 नवम्बर 2026 तक सौंपा जाएगा। इसके पश्चात अनुपूरक सूची का मुद्रण कर उसे मूल सूची के साथ 27 नवम्बर 2026 तक संलग्न किया जाएगा।
निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवम्बर 2026 को किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवि साहू ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदारों को इस संबंध में जाबो कार्यक्रम के तहत व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।