महासमुंद में  वरिष्ठ नागरिकों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, बा... - CG Sandesh

महासमुंद में वरिष्ठ नागरिकों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, बांटे गए वॉकर, छड़ी और 'फिटनेस बुक'

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत आज जिला चिकित्सालय महासमुंद में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा, डीन डॉ. रेणुका गहने एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बसंत कुमार माहेश्वरी द्वारा जिला चिकित्सालय के फिजियोथैरेपी विभाग में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड की उपयोगिता एवं इससे मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी गई। जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को उनकी शारीरिक आवश्यकताओं के अनुरूप छड़ी एवं वॉकर जैसे सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए फिटनेस बुक प्रदान कर नियमित व्यायाम, स्वास्थ्य देखभाल एवं फिटनेस के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं निःशुल्क दवा वितरण किया गया। स्टाफ नर्स द्वारा ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की जांच की गई। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, शारीरिक सक्रियता एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा और आवश्यक परामर्श दिया गया।

53 वरिष्ठ नागरिकों को फिजियोथैरेपी सेवा

फिजियोथैरेपी विभाग में फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. योगिता बाला पटेल एवं उनके सहयोगी देवकुमारी साहू तथा रणजीत नारंग द्वारा कुल 53 वरिष्ठ नागरिकों को फिजियोथैरेपी सेवाएं प्रदान की गईं। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार शारीरिक व्यायाम, गतिशीलता बनाए रखने तथा नियमित फिजियोथैरेपी के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने, नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों से अपील की गई कि वे नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराएं, चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाओं का सेवन करें तथा अपनी क्षमता के अनुसार नियमित शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें