बागबाहरा : जल जीवन मिशन से जामगांव के 171 घरों में नल से पहु... - CG Sandesh

बागबाहरा : जल जीवन मिशन से जामगांव के 171 घरों में नल से पहुंच रहा पानी

छात्रा कुमारी कांति ध्रुव जैसी अन्य छात्राओं को अब पढ़ाई के लिए मिल रहा अतिरिक्त समय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा में जनसेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए गांव-गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प निरंतर मजबूत हुआ है। इसी सेवा भावना और सुशासन की सोच को आगे बढ़ाते हुए जल जीवन मिशन ने जामगांव में हर घर नल से जल की सुविधा पहुंचाई है। अब यहां पानी के लिए समय और श्रम खर्च करने के बजाय ग्रामीण अपने दैनिक जीवन, स्वच्छता और बच्चों की शिक्षा पर अधिक ध्यान दे पा रहे हैं।

महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बोकरमुड़ कला के ग्राम जामगांव में जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर नल कनेक्शन पहुंचने से ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। गांव की स्कूली छात्रा कुमारी कांति ध्रुव बताती हैं कि पहले सुबह स्कूल जाने से पहले उसे पानी लाने के लिए जाना पड़ता था। पानी लाने में उसका समय और श्रम दोनों लगता था। अब घर में नल से जल उपलब्ध होने के कारण कांति को पानी भरने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता। बचा हुआ समय वह अपनी पढ़ाई में लगा पा रही है।

जामगांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 171 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। गांव में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 40 किलोलीटर क्षमता की उच्चस्तरीय जल टंकी का निर्माण किया गया है। लगभग 5 हजार मीटर पाइपलाइन बिछाकर घर-घर जल पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की गई है। इस पूरी योजना पर लगभग 74 लाख 27 हजार रुपये की लागत आई है। जामगांव में 27 जुलाई 2026 को 'हर घर जल' प्रमाणीकरण का कार्य पूर्ण किया गया। पंचायत की सरपंच कौशल्या पवन ठाकुर एवं ग्राम सचिव श्री फनीष कुमार साहू के नेतृत्व तथा ग्रामीणों की सहभागिता से गांव में हर घर नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य साकार हुआ है।

जल के वैकल्पिक स्रोत के रूप में गांव में एक पावर पंप और एक हैंडपंप भी उपलब्ध हैं। साथ ही गांव के प्रमुख सार्वजनिक संस्थानों को भी नल कनेक्शन से जोड़ा गया है। स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक शौचालय में नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। इससे बच्चों को पेयजल की सुविधा मिलने के साथ ही स्वच्छता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिल रही है। गांव की पांच महिलाएं जल गुणवत्ता की निगरानी में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। 

संजना साहू,  श्रुति नागेश, श्रीमती हेम बाई सावरा, ओम बाई चक्रधारी एवं पानबाई सबर जल परीक्षण किट के माध्यम से पेयजल के नमूनों की जांच करती हैं। वे ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के महत्व के प्रति जागरूक करने में भी सहयोग करती हैं। जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन, पानी की सप्लाई तथा आवश्यकता अनुसार व्यवस्था को चालू-बंद करने और संधारण के लिए पंप ऑपरेटर केशव साहू को नियुक्त किया गया है। ग्रामीणों ने जल योजना के संचालन एवं रखरखाव में अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए प्रति नल कनेक्शन 60 रुपये जलकर लिए जाने पर भी सहमति दी है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें