महासमुंद : गांधी जयंती पर महर्षि विद्या मंदिर में स्वच्छता अभियान आयोजित
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में महर्षि विद्या मंदिर, मचेवा, महासमुंद में आज स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्य महोदय राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में विद्यालय की ईको क्लब समिति द्वारा आयोजित किया गया।
स्वच्छता अभियान का नेतृत्व वाइस कल्चरल कैप्टन चैताली एवं वाइस सी.सी.ए. कैप्टन नियति ने किया। अभियान में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” एवं “साफ-सफाई हमारी जिम्मेदारी” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर कचरे की सफाई की तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना था। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ अभियान में सहभागिता निभाई, जिसकी सभी ने सराहना की।