महासमुंद : 10 लाख 54 हजार से अधिक हितग्राही बने आयुष्मान कार... - CG Sandesh

महासमुंद : 10 लाख 54 हजार से अधिक हितग्राही बने आयुष्मान कार्डधारी, 31 हजार से अधिक वरिष्ठजनों को मिला वय वंदन कार्ड का लाभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा का उद्देश्य जनकल्याण और आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना रहा है। इसी दिशा में आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं कैशलेस स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। 

शासन की मंशानुरूप महासमुंद जिले में भी योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं जनजागरूकता अभियान के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य सुरक्षा का दायरा बढ़ाया जा रहा है।

जिले में अब तक 10 लाख 54 हजार 744 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 95.4 प्रतिशत है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में 31 हजार 283 आयुष्मान वय वंदन कार्ड भी बनाए गए हैं।

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और योजना की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए 222 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से निरंतर कार्य किया जा रहा है। इन केंद्रों पर नागरिकों को योजना की जानकारी देने, पात्रता की जांच करने, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करने तथा आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही विकासखंड महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली में विशेष शिविरों एवं घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने का कार्य जारी है।

आयुष्मान भारत वय वंदना कार्ड के माध्यम से 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को पात्रता संबंधी निर्धारित प्रावधानों के अनुसार प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है। महासमुंद जिले में अब तक 31 हजार 283 वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन कार्ड बनाए जा चुके हैं। 

इससे वरिष्ठ नागरिकों को सूचीबद्ध अस्पतालों में पात्र उपचार सुविधाओं का लाभ लेने में सहायता मिल रही है। आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राही परिवार निर्धारित पैकेज एवं योजना के नियमों के अनुसार सूचीबद्ध शासकीय और निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। योजना का उद्देश्य गंभीर बीमारी या महंगे उपचार के समय परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना तथा जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें