रायपुर में महिला टी20 का रोमांच, जानिए कब शुरू होगी टिकट बिक... - CG Sandesh

रायपुर में महिला टी20 का रोमांच, जानिए कब शुरू होगी टिकट बिक्री और क्या हैं खास इंतजाम

रायपुर : एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए तैयार है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से खेले जाएंगे। सीरीज को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर दर्शकों की सुविधाओं तक कई स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

टिकट खरीदने वालों के लिए क्या है खास

इस बार दर्शकों को टिकट के लिए स्टेडियम के काउंटर पर लंबी कतार में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। मैचों के टिकट ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे। टिकट बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है।

दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश के दौरान किसी तरह की नेटवर्क परेशानी न हो, इसके लिए ई टिकट स्कैनिंग व्यवस्था के साथ ओपन वाई फाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। ऑनलाइन टिकट लेने वाले दर्शकों को पार्किंग पास भी दिए जाएंगे।

सुरक्षा के लिए चाक चौबंद व्यवस्था

मैच के दौरान स्टेडियम परिसर और पार्किंग क्षेत्र पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए अलग अलग स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करेंगे।

आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, पानी के टैंकर और इमरजेंसी एग्जिट रूट तैयार रखे जाएंगे। वीआईपी आवाजाही और किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था भी रहेगी।

स्वास्थ्य सेवाओं पर भी रहेगा फोकस

स्वास्थ्य विभाग ने स्टेडियम के आसपास मौजूद अस्पतालों की जानकारी और उनकी उपलब्ध सुविधाओं की मैपिंग कर ली है। मैच के दौरान स्टेडियम में एम्बुलेंस मौजूद रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर दर्शकों या किसी अन्य व्यक्ति को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।दर्शकों के लिए पर्याप्त पेयजल और खाने पीने की व्यवस्था भी की जाएगी। बिजली और मोबाइल नेटवर्क से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए अलग टीमें तैनात रहेंगी।

मुख्य सचिव की बैठक में तय हुई रणनीति

सीरीज की तैयारियों को लेकर मंत्रालय में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में मैचों के आयोजन से जुड़े सुरक्षा, परिवहन, पार्किंग, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी पहलुओं पर चर्चा की गई।रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी भी बनाई गई है। इसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है।

11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी टीम इंडिया

भारतीय महिला टीम के 11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। टीम को मुकाबलों से पहले चार दिन अभ्यास का समय मिलेगा। वहीं जिम्बाब्वे की महिला टीम 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी।इस सीरीज को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में खास उत्साह है, क्योंकि भारतीय टीम की कमान अब स्मृति मंधाना के हाथों में होगी।

मंधाना के कप्तानी युग की होगी शुरुआत

स्मृति मंधाना इस सीरीज के साथ भारतीय महिला टीम की फुल टाइम कप्तान के तौर पर नई पारी शुरू करेंगी। शेफाली वर्मा को उप कप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। टीम में पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी मौजूद रहेंगी।15 सदस्यीय भारतीय टीम में ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, मिन्नू मणि और क्रांति गौड़ समेत कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसे में रायपुर में होने वाली यह टी20 सीरीज क्रिकेट के साथ साथ भारतीय महिला टीम के नए नेतृत्व को लेकर भी काफी अहम मानी जा रही है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें