बसना : पट्टा मिलने के बाद भी मकान-दुकान में की तोड़फोड़, 14 पर अपराध दर्ज
बसना थाना अंतर्गत ग्राम भठोरी में शासन द्वारा स्वीकृत पट्टे की भूमि पर निर्माण कार्य कराने के दौरान एक दर्जनों लोगों द्वारा एकराय होकर बलवा, गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने 14 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भठोरी निवासी पीड़ित मनोज कुमार यादव को शासन से खसरा नंबर 313/2 रकबा 411.53 वर्ग मीटर भूमि का भूमिस्वामित्व हक का पट्टा प्राप्त हुआ है.
जो 28 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:00 बजे अपनी पट्टा भूमि पर शांतिपूर्वक मकान का निर्माण कार्य करा रहा था. इसी दौरान गांव के ही 14 लोग एकराय होकर अवैध रूप से जमीन पर घुसे और गाली-गलौज करते हुए निर्माणाधीन मकान को तोड़ दिया.
आरोपियों ने मौके पर काम कर रहे मिस्त्री और मजदूरों को डरा-धमकाकर और मारपीट कर भगा दिया. इसके अलावा, पीड़ित द्वारा उक्त स्थल के सामने संचालित नाश्ता होटल में तोड़फोड़ की गई और जलता हुआ चूल्हा फेंक दिया गया, जिससे होटल का सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
घटना के समय मौके पर मौजूद मनोज त की पत्नी विशाखा यादव और नाबालिग पुत्री के साथ भी अभद्रता की गई. आरोप है कि विनोद पटेल और रितेश पटेल ने ईंट व डंडे से हमला कर मनोज की नाबालिग पुत्री को घायल कर दिया.
मनोज ने बताया कि उक्त भूमि को लेकर पिछले 7-8 वर्षों से विभिन्न न्यायालयों में मामला लंबित था, जहाँ फैसला पीड़ित के पक्ष में आया था, इसके बाद तहसील न्यायालय में दिया गया स्थगन आवेदन भी खारिज हो गया था और कोर्ट के आदेश के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया गया.
वहीँ मामले में पुलिस ने आरोपी विजयलाल, सियाराम पटेल, लालू पटेल, प्रमोद पटेल, विनोद पटेल, सुरेश पटेल, उदेलाल पटेल, बसंत पटेल, सुलोचना पटेल, सागर बाई पटेल, अंजन मोती पटेल, काजल पटेल, बुधियारीन बाई, देवसिंग एवं अन्य साथियों के विरुद्ध बसना थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 191(2) और 324(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है.