छत्तीसगढ़ में सूबेदार, एसआई और प्लाटून कमांडर की परीक्षा स्थ... - CG Sandesh

छत्तीसगढ़ में सूबेदार, एसआई और प्लाटून कमांडर की परीक्षा स्थगित

छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के सामने एक बार फिर परीक्षा की तारीख का संकट खड़ा हो गया है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 को स्थगित कर दिया है। यह लिखित परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को होनी थी।

पहले यह परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर को संभावित थी। बाद में परीक्षा कार्यक्रम बदलकर 2, 3 और 4 नवंबर 2026 किया गया था। अब इन तारीखों पर भी परीक्षा आयोजित नहीं होगी। आयोग ने स्थगन के पीछे अपरिहार्य कारण बताए हैं।

341 पदों पर होनी है भर्ती

CGPSC की इस भर्ती प्रक्रिया के तहत सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के कुल 341 पद भरे जाने हैं। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद चयन प्रक्रिया मुख्य परीक्षा के चरण में पहुंच गई थी।मुख्य परीक्षा स्थगित होने से अब अभ्यर्थियों को नए परीक्षा कार्यक्रम का इंतजार करना होगा। आयोग की ओर से अगली तारीखों के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

प्रारंभिक परीक्षा में 7,301 अभ्यर्थी सफल

आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसमें कुल 7,301 अभ्यर्थियों को सफलता मिली और उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया।प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में आयोजित की गई थी। इसके लिए प्रदेशभर में 183 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

नई तारीखों का इंतजार, आधिकारिक वेबसाइट पर रखें नजर

मुख्य परीक्षा की तारीख दो बार निर्धारित होने के बाद स्थगित किए जाने से अभ्यर्थियों को अब नए शेड्यूल का इंतजार है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से जुड़ी नई जानकारी, प्रवेश पत्र और अन्य दिशा-निर्देशों के लिए CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें