महासमुंद में युवा मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष अभियान, कलेक्ट... - CG Sandesh

महासमुंद में युवा मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष अभियान, कलेक्टर लंगेह ने हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक ली

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के समस्त हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 17 वर्ष से अधिक एवं मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदान के लिए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर लंगेह ने कहा कि मतदाता सूची में जिन पात्र नागरिकों का नाम दर्ज नहीं है, उनका चिन्हांकन कर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। इस अभियान के अंतर्गत पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने तथा अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

स्कूलों एवं कॉलेजों में लगेंगे विशेष पंजीकरण शिविर

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्वीप कार्ययोजना के तहत जिले के सभी स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों तथा समस्त शासकीय एवं अशासकीय उच्च शैक्षणिक संस्थानों और महाविद्यालयों में पात्र युवा मतदाताओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के सहयोग से शैक्षणिक संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। 

शिविरों में पात्र युवाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों और युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, पात्रता तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जाएगी।

फॉर्म-6 भरने के लिए आवश्यक दस्तावेजों में हालिया रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, आयु प्रमाण-पत्र के लिए जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, कक्षा 10वीं या 12वीं का प्रमाण-पत्र, मार्कशीट अथवा आयोग द्वारा स्वीकार्य अन्य आयु प्रमाण पत्र। निवास प्रमाण-पत्र के लिए आधार कार्ड, बिजली, पानी, गैस का बिल, बैंक या डाकघर की पासबुक, वैध पासपोर्ट, पंजीकृत किराया समझौता अथवा आयोग द्वारा स्वीकार्य अन्य निवास प्रमाण, मोबाइल नंबर आवेदन की स्थिति एवं संपर्क संबंधी सूचना के लिए, उपलब्ध होने पर। 

आवेदन के साथ दस्तावेजों की स्वीकृति एवं वर्तमान नियमों के अनुसार आवश्यक प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। आधार कार्ड उपलब्ध न होने पर भी लागू वैकल्पिक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया के संबंध में संबंधित बीएलओ से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं शैक्षणिक संस्थानों से अभियान को गंभीरता से संचालित करने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र युवा मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे। बैठक में डाॅ. रीता पाण्डेय प्राचार्य, नंदकिशोर सिन्हा, प्रकाश मांझी, रेखराज शर्मा जिला परियोजना अधिकारी तथा जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी के साथ सभी प्राचार्य उपस्थित रहे।

चैक, चैराहों और भीड़ वाले स्थानों पर जागरूकता अभियान

नवरात्र महोत्सव के दौरान चंडी मन्दिर घुंचापाली बागबाहरा में 12 अक्टूबर को नागरिकों को निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल ड्राईव माह अक्टूबर 2026 के बारे में जागरूक किया गया। जिसमें नए मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुडवाने की अपील की गई एवं सहज तरीके बताए गए, नागरिकों को मतदान केंद्रो में लगाए गए शिविर एवं स्कूल कॉलेजों मे लगाए जा रहे शिविरों की जानकारी दी गई। इसी तरह खल्लारी विधान सभा 41 मे स्वीप के अंतर्गत बूथ लेवल ऑफिसर द्वारा जागरुकता अभियान चलाया गया नागरिकों को जनपद बागबाहरा के परिसर पर नए और छूटे मतदाता को मतदाता सूची मे जोड़ने अपील किया गया।


author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें